हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा में गंभीर चूक, पासपोर्ट जब्त होने के बावजूद LOC आरोपी मुंबई पहुंचा…

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा और सतर्कता में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। जहां गुजरात पुलिस के ‘लुक आउट सर्कुलर’ (LOC) का सामना कर रहा धोखाधड़ी का एक आरोपी धवल दोषी, इमिग्रेशन अधिकारियों की हिरासत से चकमा देकर भागने में सफल रहा।

दरअसल, आरोपी अपनी पत्नी प्रियंका दोषी और बेटी के साथ बैंकॉक जाने की फिराक में था, तभी डिपार्चर काउंटर पर रात करीब 2 बजे डिपार्चर काउंटर पर LOC अलर्ट मिलने के बाद रोक लिया गया। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसका पासपोर्ट और बोर्डिंग पास जब्त कर लिया और परिवार से इमिग्रेशन एरिया के पास ही बैठे रहने को कहा।

मेडिकल का बहाना बनाकर भागे आरोपी

इसके बाद, आरोपी की पत्नी ने बेटी की ‘मेडिकल इमरजेंसी’ का बहाना बनाया। पुलिस के अनुसार, प्रियंका बाद में एयरलाइन स्टाफ के पास गई और दावा किया कि उनकी बेटी को कोई मेडिकल इमरजेंसी हो गई है। उसने अपना चेक-इन किया हुआ सामान वापस मांगा, लेकिन यह नहीं बताया कि इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके परिवार को रोक रखा है।

इस दौरान एयरलाइन स्टाफ ने परिवार और उनके सामान को डोमेस्टिक डिपार्चर की ओर पहुंचाया, जिसके बाद दोषी सुबह करीब 5.50 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट में सवार होकर रफूचक्कर हो गए।

गुजरात पुलिस के सामने कर सकती है सरेंडर

इमिग्रेशन विभाग की शिकायत पर एयरपोर्ट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दोषी और प्रियंका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शमशाबाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोषी के वकील ने पुलिस को सूचित किया है कि उनका मुवक्किल जल्द ही गुजरात पुलिस के सामने सरेंडर कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *