परिहार थाना क्षेत्र के खोपरहिया गांव में आपसी विवाद में धारदार हथियार से गला रेत कर 11 वर्षीया बच्ची की हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद शव को बगल के खेत में फेंक दिया गया।
मृतका की पहचान स्वर्गीय सुखनंदन कुमार की 11 वर्षीया पुत्री निक्की कुमारी के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है। घटना सोमवार की देर शाम की बताई गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, निक्की सोमवार की शाम अपने बड़े चाचा लखींद्र राय के साथ नरहा बाजार गई थी।
लौटने के दौरान लखींद्र रास्ते में अवस्थित डेरा पर रुक गया तथा भतीजी निक्की को सब्जी वाला झोला देकर घर भेज दिया। घर लौटने के क्रम में सुनसान जगह पर निक्की को पकड़ लिया और उसका सब्जी का झोला फेंक कर उसे उठा ले गए और धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी तथा शव को पास के खेत में फेंक दिया।
करीब आधा घंटा बाद लखींद्र जब घर लौटने लगा तो रास्ते में निक्की को दिया सब्जी का झोला एवं सब्जी फेंका हुआ मिला। इसके बाद उसे आशंका हुई। इसी दौरान एक ग्रामीण ने बताया कि कुछ लोगों ने आपकी भतीजी की हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सबको कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया। बताया जा रहा है कि लखींद्र का गांव के कुछ लोगों से पूर्व से विवाद चला आ रहा है।
बीते 28 मई को दोनों पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। बताया गया है कि इसी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। आवेदन का इंतजार किया जा रहा है।