ब्रिटेन में सनसनीखेज घटना: मगरमच्छों के बाड़े में गिरा मासूम, चिड़ियाघर की मालकिन बनी फरिश्ता…

ब्रिटेन के कैंब्रिजशायर स्थित ‘जॉन्सन्स ऑफ ओल्ड हर्स्ट’ चिड़ियाघर से एक बेहद हैरान और परेशान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक अनजान शख्स ने एक 3 साल के मासूम बच्चे को मगरमच्छों के बाड़े में फेंक दिया। मगरमच्छों के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल में अपनी जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

चिड़ियाघर की मालकिन ने दिखाई बहादुरी

‘द इंडिपेंडेंट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही बच्चे को मगरमच्छों के बाड़े में फेंका गया, चिड़ियाघर के मालिक की पत्नी ट्रेसी जॉनसन ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तुरंत बाड़े के अंदर छलांग लगा दी। उन्होंने बेहद बहादुरी से मगरमच्छों के बीच से बच्चे को सही सलामत बाहर निकाला।

बच्चे की हालत गंभीर, आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने बताया कि घायल बच्चे को तुरंत कैंब्रिज के ‘एडेनब्रूक्स अस्पताल’ ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में फुर्ती दिखाते हुए नॉरफॉक के रहने वाले एक 30 वर्षीय व्यक्ति को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

आपस में अनजान थे आरोपी और बच्चा

कैंब्रिजशायर पुलिस की डिटेक्टिव इंस्पेक्टर वेरिटी मैककैन ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि गिरफ्तार किया गया शख्स और बच्चा एक-दूसरे को नहीं जानते थे। उन्होंने बताया कि यह एक बेहद दर्दनाक घटना है। हमारी टीमें अस्पताल में बच्चे के परिवार की मदद कर रही हैं और घटना के वक्त चिड़ियाघर में मौजूद चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय सांसद बेन ओबेसे-जेक्टी ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह या कयास न लगाने की अपील की है और कहा कि पुलिस इसे एक बेहद गंभीर मामला मानकर जांच कर रही है।

चिड़ियाघर प्रशासन का बड़ा फैसला

गौरतलब है कि हादसे के बाद कई घंटों तक पुलिस और इमरजेंसी सेवाएं चिड़ियाघर में मौजूद रहीं। चिड़ियाघर के प्रवक्ता ने कहा कि हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित बच्चे और उसके परिवार के साथ हैं। परिवार के प्रति सम्मान जताते हुए, हमारे चिड़ियाघर का ‘ट्रॉपिकल हाउस’ अगले आदेश तक बंद रहेगा, जबकि बाकी हिस्सा आम दिनों की तरह खुला रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *