राजधानी में पहली बार पूर्णकालिक महिला पुलिस स्टेशन की स्थापना की गई है। उत्तर दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में शुक्रवार को इस महिला पुलिस स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजी सिंह संधु ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा की उपस्थिति में सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन परिसर में महिला पुलिस स्टेशन का उद्घाटन किया।
हर शनिवार को सभी थानों में होगी ‘जन सुनवाई’
उपराज्यपाल संधु ने कहा कि यह महिला पुलिस स्टेशन राजधानी की महिलाओं की समस्याओं को सुनने और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने का सीधा मंच बनेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही अन्य जिलों में भी ऐसे महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। उपराज्यपाल ने यह भी घोषणा की कि शनिवार से सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शहर के विभिन्न पुलिस स्टेशनों पर ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के तहत जन शिकायतों को सुनेंगे।
पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित
यह दिल्ली का पहला ऐसा पुलिस स्टेशन है जो पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होगा। स्टेशन में जांच अधिकारी से लेकर सहायक स्टाफ तक सभी कर्मी महिलाएं हैं। यह स्टेशन महिलाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों जैसे घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, स्टॉकिंग और हमले आदि की रोकथाम, जांच और निपटारे पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करेगा।
और किस तरह की मिलेंगी सुविधाएं?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस स्टेशन में जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलिंग सत्र और कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं के अधिकारों और कानूनी उपायों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके।