धमतरी : लोक निर्माण विभाग के सचिव ने किया निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण…

धमतरी में दो नए फोरलेन मार्गों का कार्य जल्द होगा प्रारंभ, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत और सुरक्षित बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज धमतरी जिले निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने धमतरी शहर में प्रस्तावित दो महत्वपूर्ण फोरलेन सड़कों की स्थल स्थिति का अवलोकन किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक 4.4 किलोमीटर तथा सिहावा चौक से कुल्यारी तक 5 किलोमीटर लंबाई में प्रस्तावित फोरलेन के रूप में उन्नयन किया जा  रहा है । सड़क कार्य का अवलोकन किया।

  इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर में यातायात दबाव कम होगा, आवागमन अधिक सुगम बनेगा तथा भविष्य की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को बेहतर आधार मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रारंभिक तैयारियां शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

  इसके पश्चात विभागीय सचिव ने कुरुद-चरमुड़िया-गोबरा-सिवनी-चिंवरी-सिर्री मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 30 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से निर्मित हो रही 9.3 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना को फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री तथा सुरक्षा मानकों की जानकारी लेते हुए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

  श्री बंसल ने सिर्री-फुसेरा-करगा-चटौद मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। लगभग 15 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से 9.6 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उन्नयन किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में गति लाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा तथा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *