माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 2027 बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू कीं, ऑनलाइन मोड से होगा केंद्र आवंटन…

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा यूपी बोर्ड की आगामी वर्ष-2027 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा की तैयारियों के प्रथम चरण में जल्द ही केंद्र निर्धारण की कार्यवाही शुरू की जाएगी। आगामी 20 जुलाई से परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू होगी।

वर्ष-2027 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की कार्यवाही आनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से होगी। साथ ही बोर्ड परीक्षा केंद्र निधारण करने के लिए विद्यालयों की मेरिट सूची भी तैयार की जाएगी। उस मेरिट सूची के हिसाब से ही मानकों पर खरा उतरने वाले विभिन्न विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।

परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी आधारभूत सूचनाएं
आनलाइन प्रक्रिया द्वारा साफ्टवेयर के माध्यम से बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर प्रधानाचार्य विद्यालयों की आधारभूत सूचनाएं 20 जुलाई से अपलोड करेंगे। बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण करते समय विभिन्न आधारभूत सूचनाओं के आधार पर अंक प्रदान करते हुए राजकीय विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं स्ववित्त पोषित विद्यालयों की अलग-अलग मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

इस तरह मिलेंगे मेरिट में अंक
इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालय को 20 अंक प्रदान किए जाएंगे, जबकि केवल हाईस्कूल स्तर के विद्यालय को 10 अंक प्रदान किए जाएंगे, जबकि राजकीय माध्यमिक विद्यालय को 50 अंक, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय को 40 अंक व स्ववित्व पोषित माध्यमिक विद्यालय को 20 अंक प्रदान किए जाएंगे।

परीक्षार्थियों की अधिक धरण क्षमता होने पर भी मिलेंगे अंक
विद्यालय में परीक्षार्थियों की धारण क्षमता पांच सौ, साढे सात सौ और एक हजार अथवा उससे अधिक होने पर क्रमशः 10, 20 व 30 अंक प्रदान किए जाएंगे। विद्यालय में अध्ययन व अध्यापन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने पर भी 10 अंक मिलेंगे।

पिछली परीछा में केंद्र बनने पर भी मिलेंगे 20 अंक
वर्ष-2026 में परीक्षा केंद्र होने पर भी -20 अंक मिलेंगे, जबकि विद्यालय का वर्ष-2026 का हाई स्कूल उत्तीर्ण प्रतिशत 90 अथवा 90 से अधिक होने पर भी 10 अंक प्रदान किए जाएंगे। वहीं, विद्यालय का वर्ष 2026 का इंटरमीडिएट का उत्तीर्ण प्रतिशत 90 या 90 से अधिक होने पर भी 10 अंक प्रदान किए गए किए जाएंगे। विद्यालय में स्मार्ट क्लास के संचालित होने पर भी 10 अंक मिलेंगे। विद्यालय द्वारा वर्ष-2026 की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद स्तरीय टाप 10 छात्र-छात्राओं की सूची में प्रथम स्थान लाने पर 10 अंक मिलेंगे।

विद्यालय द्वारा वर्ष 2026 की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में राज्य स्तरीय टाप 10 छात्र-छात्राओं की सूची में स्थान लाने वाले विद्यालयों को भी 20 अंक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों व शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति न्यूनतम 180 कार्य दिवस में आनलाइन पोर्टल पर दर्ज किए जाने पर भी 20 अंक मिलेंगे।

18 फरवरी से शुरू हुई थीं परीक्षाएं
यूपी बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं वर्ष-2026 में 18 फरवरी से शुरू हुई थी। साथ ही यह 12 मार्च को समाप्त हुई, जबकि गत 23 अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *