मेट्रो यात्रा को आसान बना रहा सारथी ऐप, यात्रा योजना और टिकट बुकिंग के लिए DMRC को मिला बड़ा सम्मान…

 दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय संगठन यूआइटीपी (इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ पब्लिक ट्रांसपोर्ट) द्वारा परिचालन उत्कृष्टता (आपरेशनल एक्सीलेंस) श्रेणी में अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

सतत शहरी परिवहन को बढ़ावा देने में डीएमआरसी के उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देते हुए यह पुरस्कार यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई उसकी स्मार्ट डोर-टू-डोर यात्रा सेवा के लिए प्रदान किया गया है।

डीएमआरसी के कॉर्पोरेट कम्यूनिकेशंस के प्रधान अधिशासी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि यह सेवा प्रथम एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी, रीयल-टाइम सूचना तथा निर्बाध टिकटिंग को एकीकृत कर यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल बनाती है। यह सुविधा दिल्ली मेट्रो सारथी एप के माध्यम से उपलब्ध है, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित एकीकृत प्लेटफार्म है।

यह प्लेटफार्म मेट्रो और प्रथम व लास्ट माइल परिवहन सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करता है। इस व्यवस्था के माध्यम से यात्री अपने घर से अंतिम गंतव्य तक की संपूर्ण यात्रा की योजना बना सकते हैं तथा उसकी बुकिंग कर सकते हैं।

इसमें घर से मेट्रो स्टेशन तक की यात्रा, मेट्रो यात्रा तथा मेट्रो स्टेशन से अंतिम गंतव्य तक की यात्रा शामिल है। यात्रियों को पूरी यात्रा के लिए केवल एकीकृत किराये का भुगतान करना होता है।

यह पुरस्कार 23 जून 2026 को ब्रुसेल्स, बेल्जियम, में आयोजित यूआइटीपी अवार्ड समारोह के दौरान प्रदान किया गया। यूआइटीपी का परिचालन उत्कृष्टता अवार्ड उन सार्वजनिक परिवहन संस्थाओं को प्रदान किया जाता है जो दैनिक सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार और प्रभाव का परिचय देती हैं।

यह पुरस्कार डा. अमित कुमार जैन, निदेशक, परिचालन एवं सेवाए, डीएमआरसी तथा रजनीश राणा, अपर महाप्रबंधक परिचालन डीएमआरसी द्वारा प्राप्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *