रूस-यूक्रेन संघर्ष तेज, ताजा बमबारी में 3 मौतें और कई घायल…

रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से ज्यादा समय से जारी संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है, जिसने दोनों देशों के आम नागरिकों की जिंदगी को दांव पर लगा दिया है। पिछले कुछ घंटों में दोनों तरफ से हुए भीषण हमलों ने सीमा के दोनों ओर कोहराम मचा दिया है। दोनों देशों की ओर से हुए ताजा हमलों में एक 5 साल के बच्चे समेत कई लोग घायल हुए हैं, जबकि तीन लोगों की जान चली गई है।

रूस के ब्रायंस्क इलाके में यूक्रेन का हमला

रूस के सीमाई इलाके ब्रायंस्क में यूक्रेन की तरफ से किए गए हमलों ने भारी तबाही मचाई है। ब्रायंस्क के कार्यवाहक गवर्नर येगोर कोवलचुक ने सोशल मीडिया पर इस तबाही की जानकारी साझा की है।

उन्होंने बताया कि बॉर्डर के बिल्कुल नजदीक बसे सूजेमका इलाके में यूक्रेन की तरफ से जोरदार गोलाबारी की गई। इस गोलाबारी की चपेट में आने से दो स्थानीय नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पेट्रोल पंपों पर हमला

हालांकि यूक्रेन का हमला यही तक नहीं रहा। यहां से करीब 110 किलोमीटर दूर स्टारोडुब इलाके में पेट्रोल पंपों को निशाना बनाकर किए गए हमले में 7 लोग जख्मी हुए हैं। इसके अलावा एक अलग ड्रोन हमले में 5 साल का एक मासूम बच्चा भी घायल हो गया है।

रूस का पलटवार, एक की मौत, कई घायल

यूक्रेन के हमलों के बाद दूसरी तरफ रूस ने भी जोरदार पलटवार किया।  यूक्रेन के अधिकारियों ने भी रूसी हमलों की पुष्टि की है। यूक्रेन के उत्तरी सुमी इलाके के गवर्नर ओलेह ह्रीहोरोव ने बताया कि रूसी ड्रोन हमले में 44 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि 33 साल की एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है।इसके अलावा यूक्रेन के दक्षिणी शहर मायकोलाइव में भी रूसी ड्रोन गिरे, जिसमें स्थानीय प्रशासन के मुताबिक 3 लोग घायल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *