कांवड़ यात्रा के लिए हापुड़ का रूट प्लान तैयार: भारी वाहन गंगा एक्सप्रेस-वे से गुजरेंगे, व्यापारियों को नहीं होगी परेशानी…

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और शहर की व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित होने से बचाने के लिए रविवार को कोतवाली में पुलिस, व्यापारी संगठनों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सीओ सिटी अनीता चौहान ने की।

पुलिस ने भारी वाहनों का रूट बदला

बैठक में अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के लिए तैयार रूट डायवर्जन प्लान की जानकारी दी। बताया गया कि इस बार भारी वाहनों को छिजारसी टोल प्लाजा की बजाय गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। इससे कांवड़ मार्ग पर यातायात का दबाव कम रहेगा और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिलेगा।

कारोबार भी रहे, कांवड़िएं भी न हों परेशान

संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर का कारोबार भी सामान्य रूप से चलता रहे।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ियों की संख्या और यातायात की स्थिति के अनुसार निजामपुर बाईपास से वाहनों के संचालन की व्यवस्था समय-समय पर की जाएगी।

जरूरी सामान की आपूर्ति रहेगी जारी

महामंत्री संजय अग्रवाल ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों के निर्बाध संचालन की मांग उठाई। इस पर पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के आवागमन के लिए अलग से समुचित व्यवस्था की जाएगी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाएगा।

त्वरित सूचना के लिए बनेगा वॉट्सएप ग्रुप

बैठक में निर्णय लिया गया कि पुलिस अधिकारियों, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और व्यापारी प्रतिनिधियों का संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इसके माध्यम से यातायात डायवर्जन, मार्ग परिवर्तन और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल साझा की जाएंगी, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय लेने में आसानी होगी।

बैठक में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अमित गुप्ता, समरजीत सिंह, संजय सोढ़ी तथा व्यापारी दीपक बंसल, संजय डाबर, संजीव जैन, आयुष शर्मा, अमित गोयल, प्रभात अग्रवाल, विवेक गर्ग समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *