मुंबई में सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराई BEST बस, बुजुर्ग की मौत; चालक और कंडक्टर घायल…

मुंबई के मानखुर्द इलाके में सोमवार सुबह एक राजमार्ग पर बेस्ट की एक बस सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बस के ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए। अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा सायन-पनवेल राजमार्ग पर एक अस्पताल के सामने हुआ। नागरिक निकाय द्वारा संचालित बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट उपक्रम की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे के वक्त डिवाइडर के पास खड़े 65 वर्षीय भास्कर रावसाहेब पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बस चालक और कंडक्टर अस्पताल में भर्ती

इस दुर्घटना में बस चालक बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51) और कंडक्टर वैभव वाघमारे (41) को भी चोटें आईं। दोनों घायलों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

मुंबई में बेस्ट बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी हाल ही में कुछ मामले सामने आए हैं, जिसमें 10 जुलाई को मुंबई के अंधेरी इलाके में बस ने अनियंत्रित होकर 14 वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें कम से कम 8 लोग घायल हो गए थे।

वहीं 8 जुलाई को मुंबई के भांडुप इलाके में एक इलेक्ट्रिक बेस्ट बस की टक्कर से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे और एक व्यक्ति घायल हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *