लंदन में ट्रेनों की आमने-सामने भिड़ंत, हादसे के बाद बचाव अभियान तेज…

शुक्रवार दोपहर लंदन के उत्तर में दो ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 50 लोग घायल हो गए। टक्कर वाली जगह पर इमरजेंसी सर्विस की टीमें तुरंत पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

एक यात्री ने बताया कि टक्कर की वजह से वह आगे की ओर उछल गया और फिर उसने देखा कि साथ यात्रा कर रहे लोगों की हड्डियां टूटी हुई थीं और उन्हें चोटें आई थीं। रेल ट्रैकिंग वेबसाइटों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेनें लंदन के सेंट पैनक्रास स्टेशन की ओर दक्षिण दिशा में जा रही थीं, तभी शाम करीब 5:15 बजे बेडफोर्ड शहर के बाहर उनकी टक्कर हो गई।

घटनास्थल पर कई तरह के संसाधन किए गए तैनात

आपातकालीन सेवाओं ने घटनास्थल पर कई तरह के संसाधन तैनात किए, जिनमें ‘ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सर्विस’ की एयर एम्बुलेंस और खतरनाक घटनाओं से निपटने वाली टीम भी शामिल थी। पुलिस ने एक बयान में कहा, “हमें पता चला है कि कई लोग घायल हुए हैं और दुख की बात है कि एक व्यक्ति की मौत हो गई है।”

पुलिस ने आगे बताया, “इसे एक बड़ी घटना घोषित किया गया है और अधिकारी बेडफोर्डशायर पुलिस तथा स्थानीय फायर एंड रेस्क्यू और एम्बुलेंस सेवाओं के अपने साथियों के साथ मिलकर घटनास्थल पर कार्रवाई कर रहे हैं।”

चश्मदीद ने बताया हाल

ट्रेन में यात्रा कर रहे पीटर नैप ने बताया कि जब बिना किसी चेतावनी के टक्कर हुई तो वे पीछे वाली ट्रेन में यात्री के तौर पर सवार थे। नैप ने कहा, “एक पल के लिए मैं उछलकर सामने वाली कुर्सी पर जा गिरा और फिर मैंने धुआं देखा। लोग रो रहे थे, चिल्ला रहे थे। वे बहुत डरे हुए और घबराए हुए थे।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं उठा और मैंने देखा कि बहुत से लोग बोल नहीं पा रहे थे और उनके पैर टूटे हुए थे। और फिर मैं किसी तरह ट्रेन से बाहर निकल पाया क्योंकि मैं काफी दुबला-पतला हूं, इसलिए मैं दरवाजों के बीच की जगह से निकल सका।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *