झारखंड से आएगा कच्चा माल, बिहार में बनेगी फैक्ट्री; वेदांता के अनिल अग्रवाल का 1.5 लाख करोड़ निवेश का प्लान…

 बिहार में उद्योग और रोजगार की संभावनाओं को लेकर एक बार फिर बड़ी चर्चा शुरू हो गई है। पटना में जन्मे और वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार में करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये तक निवेश करने की अपनी इच्छा जाहिर की है। उनका सपना बिहार में एल्युमिनियम और कॉपर की बड़ी फैक्ट्री स्थापित करने का है।

इसके लिए झारखंड से कच्चा माल लाने की संभावनाओं पर भी काम करने की बात कही है। अगर उनकी यह योजना जमीन पर उतरती है तो बिहार में औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

बिहार में डेढ़ लाख करोड़ का निवेश, क्या है अनिल अग्रवाल का मास्टर प्लान?

एक टीवी के कार्यक्रम में जवाब देते हुए अनिल अग्रवाल ने बिहार को लेकर अपना विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को यह नहीं समझना चाहिए कि उन्होंने प्रदेश को उसके हाल पर छोड़ दिया है।

वह पूरी दुनिया में बिहार के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने बिहार में बड़े स्तर पर उद्योग लगाने की इच्छा जताते हुए कहा कि उनकी कोशिश है कि यहां करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये तक का निवेश किया जा सके।

झारखंड से आएगा कच्चा माल, बिहार में लगेगी बड़ी फैक्ट्री

अनिल अग्रवाल ने कहा कि उनके कारोबार का संबंध प्राकृतिक संसाधनों से है। बिहार के बंटवारे के बाद खनिज संपदा का बड़ा हिस्सा झारखंड में चला गया।

बिहार में अब कॉपर, जिंक और एल्युमिनियम जैसे संसाधनों की उपलब्धता सीमित है। ऐसे में उनकी कोशिश है कि झारखंड के साथ ऐसा समझौता हो सके, जिससे वहां से कच्चा माल बिहार लाकर यहां बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकें। उन्होंने एल्युमिनियम और कॉपर की फैक्ट्री लगाने की इच्छा भी जाहिर की।

बिहार के युवाओं को मिलेगा रोजगार, निवेशकों को भी करेंगे प्रोत्साहित

वेदांता चेयरमैन ने बिहार की प्रतिभा की तारीफ करते हुए कहा कि यहां टैलेंट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई अच्छा प्रस्ताव आता है तो वह उसे गंभीरता से देखेंगे और आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे।

बिहार में उद्योग लगाने को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता जताई। उनके मुताबिक, वह ऐसा काम करना चाहते हैं, जिसकी प्रदेश को वास्तव में जरूरत है। बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हो सकते हैं।

स्कूल और अस्पताल भी खोलने की योजना, बोले- फंड की कमी नहीं होगी

अनिल अग्रवाल ने बिहार में केवल उद्योग ही नहीं, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की भी इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि बिहार में स्कूल खोलने की योजना है।

उनका मानना है कि हर व्यक्ति को बेहतर घर, स्कूल और अस्पताल की सुविधा मिलनी चाहिए। इस दिशा में आने वाले सुझावों पर भी वह गंभीरता से विचार करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सामाजिक विकास से जुड़े अच्छे प्रस्तावों को आगे बढ़ाने में सहयोग किया जाएगा।

बिहार में बन रहे 500 नंद घर, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

अनिल अग्रवाल ने बताया कि मिथिला क्षेत्र में काम शुरू किया गया है और बिहार में करीब 500 नंद घर बनाने की योजना पर काम चल रहा है।

इन केंद्रों में बच्चों की देखभाल के साथ महिलाओं के कौशल विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना बेहद जरूरी है। उनका लक्ष्य है कि प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं को हर महीने 12 से 13 हजार रुपये तक की आमदनी का अवसर मिल सके।

बिहार को मिलेगा विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम, निर्माण में करेंगे सहयोग

बिहार में क्रिकेट की सुविधाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल अग्रवाल ने विश्वस्तरीय स्टेडियम बनाने में सहयोग का वादा किया। उन्होंने कहा कि बिहार में बहुत अच्छा क्रिकेट स्टेडियम बनना चाहिए।

इसके लिए सरकार जो भी निर्णय लेगी, उसमें वह आगे बढ़कर सहयोग करेंगे। उन्होंने बिहार की आईपीएल टीम होने की इच्छा भी जाहिर की। इससे राज्य के युवा क्रिकेटरों को बेहतर मंच और सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

‘बिहारी मेरे भाई हैं’, अपने गृह राज्य से बताया सीधा जुड़ाव

अनिल अग्रवाल ने कहा कि दुनिया में जहां भी बिहार के लोग हैं, वह उनके साथ खड़े हैं। बिहार के लोगों के साथ उनका सीधा भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि वह खुद को भी इस बात के लिए जिम्मेदार मानते हैं कि अब तक बिहार में उनकी योजनाएं उस स्तर पर आगे नहीं बढ़ सकी हैं, जिस स्तर पर वह चाहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *