पंजाब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति पर कांग्रेस सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक तंज कसा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान रंधावा ने कहा कि उन्हें केवल सिंह ढिल्लों को नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी है और वह उन्हें बधाई देते हैं, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने भाजपा नेतृत्व के फैसले पर सवाल भी उठाए।
रंधावा ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि एक समय ऐसा था जब एक हिंदू नेता ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि कांग्रेस ने उन्हें इसलिए प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया क्योंकि वह हिंदू हैं। अब वही नेता भाजपा में थे, लेकिन भाजपा ने उन्हें हटाकर एक जट्ट सिख नेता को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। रंधावा ने कहा कि यह भाजपा का अपना फैसला है, लेकिन इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जाखड़ ने इसी मुद्दे पर छोड़ी थी कांग्रेस
राजनीतिक हलकों में रंधावा के इस बयान को पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से जोड़कर देखा जा रहा है। जाखड़ ने कांग्रेस छोड़ने के बाद कई मौकों पर यह मुद्दा उठाया था कि उन्हें पंजाब कांग्रेस की कमान नहीं सौंपी गई थी। रंधावा ने इसी संदर्भ में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब भाजपा को यह बताना चाहिए कि उसने अपने हिंदू चेहरे को हटाकर जट्ट सिख नेता को प्रदेश अध्यक्ष क्यों बनाया।
नई जिम्मेदारी के लिए दी शुभकामनाएं
उन्होंने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों अनुभवी नेता हैं और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं हैं, लेकिन भाजपा के इस फैसले ने उसके पुराने दावों और आरोपों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रंधावा का यह बयान ऐसे समय आया है जब पंजाब भाजपा ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रंधावा ने इस मुद्दे के जरिए भाजपा को उसके ही पुराने राजनीतिक तर्कों के आधार पर घेरने की कोशिश की है।