रायपुर : उन्नत कृषि तकनीकों से बदल रही खेती की तस्वीर’…

नैनो डीएपी और नैनो यूरिया से कम लागत में बेहतर उत्पादन, किसान विनोद बैरागी बने प्रेरणा

प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का उपयोग किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। कम लागत, बेहतर पोषण प्रबंधन और अधिक उत्पादन के कारण किसान तेजी से इस तकनीक की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

बलरामपुर जिले के विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम जवाहरनगर निवासी प्रगतिशील किसान श्री विनोद बैरागी ने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का उपयोग कर खेती में सकारात्मक बदलाव का अनुभव किया है। उन्होंने बताया कि लगभग 5 एकड़ कृषि भूमि में पहले पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों का उपयोग किया जाता था, जिससे लागत अधिक आती थी। कृषि विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने पिछले वर्ष फसल में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का प्रयोग किया, जिसके परिणामस्वरूप फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

श्री बैरागी ने बताया कि नैनो उर्वरकों की कम मात्रा से ही बेहतर परिणाम प्राप्त हुए हैं। इससे पौधों को आवश्यक पोषक तत्व प्रभावी ढंग से मिले तथा उर्वरक पर होने वाला खर्च भी कम हुआ। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान खेती को अधिक वैज्ञानिक, टिकाऊ और लाभकारी बना सकते हैं। उन्होंने जिले के अन्य किसानों से भी नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि नई तकनीकों के माध्यम से खेती में उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत कम करना संभव है। किसान श्री बैरागी ने कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *