रायपुर : मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल बनी आत्मनिर्भरता की नई राह…

85 प्रतिशत दिव्यांग श्री डोमन लाल का जीवन हुआ आसान, अब बिना सहारे कर रहे आवागमन

छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। समाज कल्याण विभाग की सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत गरियाबंद जिले के विकासखंड छुरा अंतर्गत ग्राम कनेसर निवासी 85 प्रतिशत अस्थिबाधित दिव्यांग श्री डोमन लाल देवांगन को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और सुविधा का नया अध्याय जुड़ गया है।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की। श्री डोमन लाल ने समाज कल्याण विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया था। पात्रता परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद विभाग द्वारा उन्हें त्वरित रूप से योजना का लाभ उपलब्ध कराया गया।

श्री डोमन लाल देवांगन ने बताया कि पहले उन्हें घर से दुकान तक आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और कई बार दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद अब उनका आवागमन सहज और सुगम हो गया है। वे स्वयं अपने दैनिक कार्यों का संचालन कर पा रहे हैं और पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन तथा समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उनके लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सम्मानजनक और स्वतंत्र जीवन की ओर बढ़ाया गया एक सशक्त कदम है।

समाज कल्याण विभाग की सहायक उपकरण प्रदाय योजना दिव्यांगजनों को सशक्त बनाते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *