रायपुर : सुशासन तिहार बना भरोसे का आधार…

ई-केवाईसी से लौटी मुस्कान, श्रीमती अनिता कोल को मिलेगा महतारी वंदन योजना का निरंतर लाभ

राज्य सरकार द्वारा आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार 2026 ग्रामीण क्षेत्रों में भरोसे और राहत का माध्यम बनता जा रहा है। शिविरों में लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं का मौके पर निराकरण होने से ग्रामीणों में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

ywAAAAAAQABAAACAUwAOw==

ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी बलरामपुर जिला के विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मुरका की निवासी श्रीमती अनिता कोल की है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा है। इस सहायता से वे घर की आवश्यक जरूरतों को पूरा करती हैं और बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतों का भी ध्यान रख पाती हैं। कुछ दिनों पूर्व उन्हें जानकारी मिली कि योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। यह सुनते ही उनकी चिंता बढ़ गई, क्योंकि ई-केवाईसी नहीं होने पर राशि रुकने की आशंका थी। सीमित संसाधनों और जानकारी के अभाव में वे परेशान थीं कि आखिर प्रक्रिया पूरी कैसे होगी।

इसी बीच ग्राम पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया। श्रीमती अनिता कोल अपनी समस्या लेकर शिविर पहुंचीं, जहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनी। आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर मौके पर ही उनका ई-केवाईसी पूर्ण कराया गया। पूरी प्रक्रिया सहज और त्वरित तरीके से होने पर उनके चेहरे पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया।

ई-केवाईसी पूर्ण होने के बाद अब श्रीमती अनिता कोल निश्चिंत हैं कि उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि नियमित रूप से मिलती रहेगी। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा लगाए गए इस शिविर से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने कहा, “महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि मेरे परिवार के लिए बहुत सहारा है। ई-केवाईसी नहीं होने से राशि रुकने की चिंता थी, लेकिन सुशासन तिहार में मेरी समस्या तुरंत हल हो गई। अब मैं निश्चिंत हूं। इसके लिए मैं शासन का हृदय से धन्यवाद करती हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *