रायपुर : सुशासन तिहार 2026 : दिव्यांग हितग्राही सुरेंद्र राम को मिली ट्राईसाइकिल, बढ़ी आत्मनिर्भरता की राह…

बोकी शिविर में मिला सहायक उपकरण, अब अपने कार्य स्वयं कर सकेंगे सुरेंद्र राम

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार 2026 आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में जरूरतमंदों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं सहायक सामग्री प्रदान की जा रही है।

इसी क्रम में जशपुर जिले के बोकी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में ग्राम पूर्णापानी निवासी दिव्यांग हितग्राही श्री सुरेंद्र राम को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। ट्राईसाइकिल प्राप्त होने पर सुरेंद्र राम के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि चलने-फिरने में होने वाली कठिनाइयों के कारण दैनिक कार्यों के लिए उन्हें अक्सर दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। ट्राईसाइकिल मिलने से अब वे अपने कई जरूरी कार्य स्वयं कर सकेंगे तथा आवागमन में भी काफी सुविधा होगी। इससे उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता में वृद्धि होगी।

श्री सुरेंद्र राम ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाने और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *