ग्रामीणों को शिविरों में मिल रहा त्वरित समाधान और हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार-2026 अब ग्रामीणों के लिए शासन और प्रशासन से सीधे जुड़ने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है।
गांव-गांव आयोजित हो रहे जनसमस्या निवारण शिविरों में आमजनों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवश्यक सेवाएं और हितग्राही मूलक सामग्रियों का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में बलरामपुर जिले के विकासखण्ड रामचन्द्रपुर के ग्राम डिण्डो तथा शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बेलकोना में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। डिण्डो शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 20 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर आमजनों को राहत पहुंचाई गई।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड एवं नई पहल कीट का वितरण किया गया।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को फसल सुरक्षा दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। वहीं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में आधार सुधार, नया आधार पंजीयन, श्रम पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण सहित कई आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से गांव में ही विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है तथा समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है।
इसी कड़ी में 15 मई को विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम पंचायत झलरिया चौक के पास जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में डौरा, कोचली, कोटसरी, करकेपा, मुख, लिलौटी, घाघरा, झलरिया, तरकाखाड़ और डुमरखोला ग्राम पंचायतों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। प्रशासन ने आमजनों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।