’ट्राई साइकिल मिलने से आसान हुआ जीवन, चेहरे पर लौटी मुस्कान’
छत्तीसगढ़ शासन का सुशासन तिहार-2026 केवल समस्याओं के निराकरण का अभियान नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का माध्यम बनता जा रहा है। शासन की संवेदनशील पहल ने इस बार नगर पालिका जामुल निवासी दिव्यांग श्री किशन मानिकपुरी के जीवन में नई रोशनी भर दी।
वार्ड क्रमांक 16 निवासी श्री किशन लंबे समय से शारीरिक दिव्यांगता के कारण आवागमन की कठिनाइयों से जूझ रहे थे। दैनिक जरूरतों से लेकर किसी जरूरी काम के लिए बाहर जाने तक उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। ऐसे में 19 मई को मंगल भवन जामुल में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर उनके लिए उम्मीद लेकर आया।
शिविर में श्री किशन ने ट्राई साइकिल के लिए आवेदन किया। आवेदन मिलते ही प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और नगर पालिका अध्यक्ष श्री ईश्वर ठाकुर ने उन्हें मौके पर ही ट्राई साइकिल प्रदान की। ट्राई साइकिल मिलते ही श्री किशन के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी साफ झलकने लगी।
श्री किशन ने भावुक होकर कहा कि अब वे अपने छोटे-बड़े कामों के लिए किसी का इंतजार नहीं करेंगे और जरूरत पड़ने पर स्वयं आसानी से आ-जा सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि “सुशासन तिहार मेरे लिए सचमुच खुशियों का आधार बन गया है।”