2.67 करोड़ रुपये की परियोजना से 93 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
134 हेक्टेयर भूमि को मिलेगी बेहतर सिंचाई सुविधा
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा भैरमगढ़ जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
लगभग 2 करोड़ 67 लाख 88 हजार रुपये की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना का 69 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
*सिंचाई व्यवस्था होगी और मजबूत*
जल संसाधन संभाग बीजापुर के अंतर्गत संचालित इस परियोजना का कार्य 17 दिसंबर 2025 से प्रारंभ किया गया था। जलाशय और नहरों के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था अधिक प्रभावी और सुचारु बनेगी, जिससे किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
*93 किसानों को मिलेगा प्रत्यक्ष लाभ*
परियोजना पूर्ण होने के बाद भैरमगढ़ क्षेत्र के लगभग 93 किसानों को सीधे लाभ मिलेगा। योजना के माध्यम से 134 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे खेती की उत्पादकता बढ़ने और किसानों की आय में सुधार की संभावना है।
*जल संरक्षण को भी मिलेगा बढ़ावा*
जलाशय के जीर्णोद्धार से केवल सिंचाई सुविधा ही बेहतर नहीं होगी, बल्कि जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे वर्षा जल का बेहतर संचयन, भू-जल स्तर में सुधार तथा ग्रामीणों को निस्तारी संबंधी सुविधाएं भी अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।
*कृषि विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*
राज्य शासन की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में कृषि विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर सिंचाई सुविधाओं के साथ किसान अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकेंगे, वहीं जल संरक्षण के प्रयास भी मजबूत होंगे। भैरमगढ़ जलाशय जीर्णोद्धार परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए लाभकारी साबित होने के साथ-साथ सतत विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।