उत्तर भारत के लोगों को गर्मी से राहत के लिए अभी दो दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार गुरुवार तक उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
हालांकि इसके बाद मौसम तेजी से करवट लेगा और 12 से 14 जून के बीच कई राज्यों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में चार से छह डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
11 जून से उत्तर भारत पर असर
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जिसकी वर्तमान स्थिति पाकिस्तान में है। 11 जून से उत्तर भारत पर इसका असर पड़ेगा।
इसी दौरान पंजाब और हरियाणा के आसपास चक्रवात बनने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से शुक्रवार से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक अच्छी बारिश होगी।
हालांकि 11 जून की रात से ही मौसम बदलना शुरू हो जाएगा। 12 जून को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 13 एवं 14 जून को अधिक व्यापक एवं अच्छी वर्षा के आसार हैं।
12-14 जून को इन राज्यों में अच्छी बारिश
तेज हवाएं, मेघ गर्जन और कुछ स्थानों पर आंधी भी चल सकती है। उत्तर प्रदेश में 12-14 जून के बीच अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी, जिससे गर्मी, उमस और लू जैसी स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान में भी गिरावट आएगी। बिहार में पहले से ही चक्रवात की स्थिति बनी हुई है।
कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मानसून 14 से 15 जून के बीच बिहार में प्रवेश कर सकता है। झारखंड में 12 जून के बाद मौसम सक्रिय होने की संभावना है।