उत्तराखंड में बारिश का प्रकोप, देहरादून में भूस्खलन से कई इलाकों का संपर्क कटा…

जौनसार क्षेत्र में बीती रात से हो रही लगातार मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मूसलाधार बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों सहित कई ग्रामीण संपर्क मार्ग भारी भूस्खलन और मलबे की चपेट में आ गए हैं, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

क्षेत्र के कई मार्गों के बंद होने से सबसे अधिक मार स्थानीय किसानों पर पड़ी है। मलबे के कारण कालसी-चकराता मुख्य मोटर मार्ग,हरिपुर ईच्छाड़ी मोटर मार्ग, खारसी संपर्क मार्ग, परियाड-सिमोग और कोठा बैंड-चंदोऊ-सैंज मोटर मार्ग बाधित हो गए हैं।

सड़कों के बंद होने से किसान अपनी नगदी फसलों (सब्जियों) को समय पर मंडियों तक नहीं पहुँचा पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

विभाग के अधिकारियों ने स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य मार्ग, कालसी-चकराता स्टेट हाईवे को प्राथमिकता के आधार पर यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया है। अन्य अवरुद्ध ग्रामीण मार्गों को खोलने के लिए विभाग द्वारा जेसीबी मशीनें मौके पर भेज दी गई हैं।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बारिश के बीच मलबे को हटाने का कार्य जारी है और जल्द ही सभी बंद मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *