रायगढ़ : जनगणना-2027: जिले में मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य तेजी से जारी…

लैलूंगा में अधिकारियों ने किया निरीक्षण, प्रगणकों की तकनीकी समस्याओं का मौके पर समाधान

जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत रायगढ़ जिले में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य तेजी से जारी है। जिले के 18 चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर सर्वे किया जा रहा है।

यह कार्य 30 मई 2026 तक किया जाना है। कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी तथा उप जिला जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में जनगणना कार्य की सतत निगरानी की जा रही है। जिला स्तरीय मॉनिटरिंग टीम विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों के कार्यों की समीक्षा कर रही है।

इसी क्रम में आज लैलूंगा अनुभाग के मुकड़ेगा एवं लैलूंगा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय जनगणना अधिकारी लैलूंगा श्री भरत कौशिक, चार्ज अधिकारी, जनगणना निदेशालय के रायगढ़ नोडल अधिकारी शेष प्रसाद पांडा तथा जिला मास्टर ट्रेनर विकास रंजन सिन्हा उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने सुपरवाइजरों से जनगणना कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा प्रगणकों द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्य का निरीक्षण किया।

इस दौरान मोबाइल एप एवं डेटा एंट्री से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य पूरी गंभीरता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि जिले के सही एवं अद्यतन आंकड़े तैयार किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *