वेनेजुएला में भारतीय नाविक की मौत पर सवाल, शव से अंग गायब मिलने पर भारत ने मांगा जवाब…

वेनेजुएला में वर्षीय भारतीय नाविक राकेश चौहान की संदिग्ध स्थिति में हुई मौत के मामले में भारत सरकार ने कड़ा रुख दिखाया है।दरअसल राकेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद एक बेहद हैरान करने वाला और गंभीर मामला सामने आया था। वेनेजुएला से जब राकेश का शव उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश के देवरिया पहुंचा, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

भारत में दोबारा हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सामने आया है कि मृतक के शरीर से दिल, दिमाग और फेफड़ों समेत लगभग सभी मुख्य आंतरिक अंग गायब थे। ऐसे में इस घटना पर भारत सरकार ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है।

भारत सरकार ने की गहन जांच की मांग

बता दें कि वेनेजुएला की राजधानी काराकस में स्थित भारतीय दूतावास ने वहां के स्थानीय अधिकारियों से इस मामले की गहन जांच करने की मांग की है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी। 

भारतीय दूतावास ने लिखा कि काराकस में भारतीय दूतावास ने स्वर्गीय श्री राकेश चौहान के शव से अंगों को निकालने और उनके साथ हुई बेअदबी के मामले में वेनेजुएला के अधिकारियों से एक विस्तृत और गहन जांच की मांग की है। जब से यह घटना सामने आई है, हमारा मिशन लगातार वहां के स्थानीय प्रशासन के सामने इस मुद्दे को उठा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के वो खुलासे

शुरुआत में वेनेजुएला के अधिकारियों और राकेश की कंपनी की तरफ से दावा किया गया था कि नाविक की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। लेकिन जब शव भारत आया, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। देवरिया के जिला मजिस्ट्रेट (DM) के आदेश पर डॉक्टरों की एक टीम ने जब शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया, तो जो रिपोर्ट सामने आई वह रोंगटे खड़े कर देने वाली थी।

शव के अंदर दिमाग, दिल, दोनों फेफड़े, लीवर, किडनी, तिल्ली, अग्न्याशय, पेट और आंतें सब कुछ गायब थीं। यहां तक कि गले की थायराइड ग्रंथि, श्वास नली और भोजन नली भी शरीर में नहीं थीं।

मौत का कारण पता लगाना असंभव

डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में साफ लिखा कि शरीर में एक भी अंग न होने की वजह से मौत के असली कारणों का पता लगाना पूरी तरह से नामुमकिन है। इतना ही नहीं शव पर पहले से ही बड़े स्तर पर टांके लगे हुए थे। गर्दन से लेकर पेट के निचले हिस्से तक 22 टांके और सिर के पीछे एक कान से दूसरे कान तक 21 टांके लगे हुए थे।

क्यों उठाए जा रहे हैं सवाल?

गौरतलब है कि आमतौर पर किसी भी संदिग्ध मौत के मामले में जांच और टेस्टिंग के लिए पोस्टमार्टम के दौरान कुछ अंगों या उनके हिस्सों को निकाला जाता है। लेकिन इस मामले में रहस्य और गुस्सा इसलिए बढ़ गया है क्योंकि वेनेजुएला के अधिकारियों ने न तो भारत को कोई आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंपी और न ही यह बताया कि मौत किन हालातों में हुई थी। बिना किसी जानकारी के पूरे के पूरे अंग निकाल लेना कई बड़े सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *