सोनीपत की नई अनाज मंडी में सड़क निर्माण पर सवाल, प्रधान सचिव की जांच के बाद 15 सैंपल जुटाए गए…

नई अनाज मंडी में नवीन सड़कों और निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता अब जांच के घेरे में है। सोमवार को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड करनाल की टीम ने मंडी का औचक निरीक्षण किया और निर्माणाधीन व तैयार सड़कों से 15 सैंपल भरे। इन सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए मुख्यालय भेजा गया है।

अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि रिपोर्ट में सामग्री की गुणवत्ता निर्धारित मानकों से कम पाई गई, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को जमकर फटकारा

गेहूं की खरीद एक अप्रैल शुरू की गई थी। इस दौरान सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल और उपायुक्त नेहा सिंह ने मंडी का दौरा किया था। उस समय अधिकारियों ने निर्माणाधीन सड़कों का बारीकी से निरीक्षण किया था।

निरीक्षण के दौरान सड़कों की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई थी, अधिकारी की एक ठोकर में सड़क उखड़ गई थी। जिस पर प्रधान सचिव ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और खराब सड़कों को दोबारा बनाया जाए। इसी कड़ी में अब क्वालिटी कंट्रोल टीम ने सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू की है।

86 लाख का प्रोजेक्ट, दो सड़कों के लिए गए सैंपल

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से नई अनाज मंडी में सड़कों के सुधारीकरण और निर्माण का कार्य करीब 86,14,600 रुपये की लागत से किया जा रहा है। वर्तमान में मंडी में दो सड़कें बनकर पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं।

सोमवार को बोर्ड में तैनात विजिलेंस और क्वालिटी कंट्रोल के एसडीओ देवेंद्र डबास और जेई विवेक हुड्डा की टीम ने इन्हीं सड़कों की ऊपरी सतह (बिटुमिन), कंक्रीट और बेस मैटेरियल के नमूने लिए हैं। टीम ने सड़क के भीतर की परतों की भी जांच की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सामग्री का मिश्रण मानक के अनुसार है या नहीं।

एक सप्ताह में आएगी रिपोर्ट

क्वालिटी कंट्रोल टीम का कहना है कि इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर आने की उम्मीद है। रिपोर्ट आने के बाद ही मुख्यालय में भेजी जाएगी। विभाग की ओर से रिपोर्ट के आधार पर आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। यदि रिपोर्ट फेल होती है, तो न केवल भुगतान रोका जाएगा बल्कि सड़क को उखाड़कर नए सिरे से बनाने के आदेश भी दिए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *