तेजस में परोसे गए भोजन में मक्खी मिलने पर यात्री की ओर से की गई शिकायत पर आइआरसीटीसी ने कड़ी कार्रवाई की है। उसने संबंधित कैटरिंग फर्म पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया और लाइसेंस रद करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यात्री मंगलवार को अहमदाबाद-मुंबई तेजस एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा था।
अधिकारियों ने बताया, “यात्री ने ट्रेन में भोजन के लिए कांबो लंच का विकल्प चुना था। मक्खी मिलने पर उसने इसकी शिकायत की। संबंधित कर्मचारियों ने यात्री से असुविधा के लिए माफी मांगी और उसे दूसरा भोजन देने की पेशकश की, लेकिन उसने मना कर दिया।”
आईआरसीटीसी ने कहा कि कैटरिंग फर्म, अराहा हास्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड ने सूरत स्थित अपने लाइसेंस प्राप्त रसोईघर से सभी यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की थी।
आइआरसीटीसी ने फर्म को निर्देश दिया है कि वह खाद्य पदार्थों की तैयारी और प्रबंधन के सभी चरणों में गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता और पैकेजिंग प्रक्रियाओं को मजबूत करे। साथ ही निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
भारतीय रेलवे नेटवर्क पर औसतन प्रतिदिन 16 लाख भोजन परोसे जाते हैं और ट्रेनों में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में सुधार लाने और यात्रियों के लिए समग्र सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से समय-समय पर आवश्यक उपाय किए जाते हैं।