हरियाणा के यमुनानगर जिले के थाना फर्कपुर क्षेत्र में प्रॉपर्टी एडवाइजर कलीराम (64) की उनके दफ्तर में चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। चाकू से गले पर वार किए गए। पास के दुकानदार ने खून से लथपथ शव देख स्वजन व पुलिस को बुलाया।
फर्कपुर पुलिस व अन्य टीमों ने मौके पर छानबीन की। शव पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। स्वजन ने भी किसी पर आरोप नहीं लगाए। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
शुरुआती जांच में प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। कलीराम की छाती पर चाकू से पांच से छह वार किए गए, जिसके निशान मिले हैं। स्वजन के अनुसार, कलीराम रोज दोपहर 12 बजे घर खाना खाने जाते थे, पर शुक्रवार को वह नहीं गए।
इंतजार के बाद स्वजन ने उनके दफ्तर के सामने दुकान करने वाले भीम को फोन किया और उनका पता करने को कहा। भीम ने जाकर देखा तो उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
बेटा अमेरिका में, पता लगने पर की वीडियो कॉल
कलीराम हरनौल पंचतीर्थी क्षेत्र के निवासी थे। वह दो बेटियों व एक बेटे के पिता थे। बेटा राजेश परिवार सहित अमेरिका में रहता है। घटना की सूचना मिलते ही राजेश ने अमेरिका से स्वजन को वीडियो कॉल की। कलीराम के भतीजे संजीव ने बताया कि उन्हें शुक्रवार शाम पांच बजे चाचा की हत्या किए जाने के बारे में पता चला।