उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी, गोदियाल-सैलजा बैठक के बाद अटकलें तेज…

 लगभग आठ माह के लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी जल्द ही घोषित होने की उम्मीद जगी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मंगलवार को दिल्ली में पार्टी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा से हुई मुलाकात को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।

सभी जिलों को दी जाएगी तवज्जो

बताया गया कि अब प्रदेश कार्यकारिणी के नामों पर लगभग सहमति बन गई है। इसका आकार छोटा रहेगा, लेकिन क्षेत्रीय व जातीय संतुलन साधने के दृष्टिगत इसमें सभी जिलों को तवज्जो दी जाएगी।

उत्तराखंड में कांग्रेस वर्ष 2017 से सत्ता में आने को छटपटा रही है। इसे देखते हुए कांग्रेस अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस चुकी है। पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप तो दिया है, लेकिन आठ माह पूर्व नियुक्त किए गए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को अभी तक उनकी टीम नहीं दी गई है।

वह भी तब जबकि टीम के नामों की सूची पार्टी हाईकमान को सौंपी जा चुकी है। ऐसे में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को भी झटका लगा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब प्रदेश कार्यकारिणी के नामों पर सहमति बन चुकी है। दो या तीन दिन के भीतर कार्यकारिणी घोषित हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *