अमृतसर में किसान के घर पर हमला, घुसकर की फायरिंग और परिजनों से मारपीट; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस…

विधानसभा हलका मजीठा के गांव कोटला में शनिवार की रात एक किसान के घर में घुसकर 15-20 लोगों ने हमला कर दिया। आरोपितों ने घर के बाहर पहले जमकर फायरिंग की और कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद घर के मालिक बलकार सिंह, उनकी पत्नी हरमिंदर कौर और उनके बेटे को भी बुरी तरह से पीटा। आरोपितों ने दातर, राड से घर में तोड़फोड़ की और फरार हो गए।

वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि परिवार के बयान दर्ज करके अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की पहचान के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

हरमिंदर कौर ने बताया कि उसके पति बलकार सिंह टैक्सी चलाते हैं और ससुर प्रकाश सिंह किसानी करते हैं। सारा परिवार गांव में ही रहता है और शाम दस बजे के बाद सौ जाता है।शनिवार की रात ससुर घर से बाहर थे और पति कार लेकर घर पहुंचे थे और नहाने के लिए वाशरूम में चले गए।

इस बीच घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर देखने गईं तो 5-7 युवक उनके घर के अंदर घुस रहे थे। उन्होने विरोध करते हुए युवकों को घर से बाहर चले जाने और किसे व्यक्ति से मिलने की बात पूछी। एक युवक ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए अपने (हरमिंदर कौर) पति को बाहर निकालने की धमकी दी।

इस बीच पति भी नहाने के बाद उसकी तरफ आ रहे थे। आरोपितों ने हाथ में पकड़े राड और दातर से पति पर हमला कर दिया। इस बीच बेटा भी पिता को छुड़ाने के लिए आगे बढ़ा।लेकिन हमलावरों ने दोनों की पिटाई शुरू कर दी।इस बीच सात आठ और युवक हथियारों से लैस उनके घर में घुस आए।

पीड़िता ने बताया कि सभी आरोपितों ने घर के सभी कमरों में घुसकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।हरमिंदर कौर ने सीएम भगवंत मान, डीजीपी गौरव यादव और डीआईजी संदीप गोयल से इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *