बेला मोड़ के पास लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने कन्हौली-मुशहरी मेन रोड को बेला मोड़ के समीप घंटों जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया गया और विधायक व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
वर्षों से बनी है समस्या
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि इलाके में वर्षों से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
वाहनों की लगी लंबी कतार
सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कन्हौली-मुशहरी रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जाम में फंसे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
एंबुलेंस को दिलाया रास्ता
प्रदर्शन और जाम के बीच कई एंबुलेंस भी फंस गईं। हालांकि स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए रास्ता खाली कराया और एंबुलेंस को सुरक्षित निकलवाया। इस पहल की वहां मौजूद लोगों ने सराहना की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलनिकासी और सड़क मरम्मत की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। लंबे समय तक चले जाम के कारण आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।