सारन गांव के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र का उसके दो सहपाठी और एक 10वीं कक्षा का छात्र कई दिन से यौन शोषण कर रहे थे।
पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों नाबालिग छात्रों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है। 12 साल का पीड़ित छात्र आठवीं कक्षा में पढ़ता है।
दो क्लासमेट और एक दसवीं का छात्र शामिल
बताया जा रहा है कि एक दिन स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह घर जाने के लिए स्कूल से निकल रहा था, तभी उसकी ही क्लास में पढ़ने वाले दो छात्र व एक दसवीं कक्षा का छात्र जिसकी उम्र करीब 14 से 16 साल के बीच है, उसे बहाने से स्कूल के बाथरूम की ओर ले गए। वहां उसका यौन शोषण किया गया।
बेटे की उदासी देख पिता को हुआ शक
इसके बाद आरोपित छात्रों ने कई दिन तक छात्र का शोषण किया। बेटे को गुमशुम देखकर पिता ने प्यार से उससे बात की और उदास रहने की वजह पूछी। इस पर छात्र ने पिता को सारी बात बता दी। वे तुरंत छात्र को लेकर सारन थाने पहुंचे, जहां पुलिस को इस पूरे मामले की शिकायत दी गई।
पीड़ित बच्चे की करवा रहे काउंसलिंग
बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र अपने परिवार के साथ रहता है। वहीं, जिन दो छात्रों पर आरोप लगाए गए हैं, वे भी उसी गांव के रहने वाले हैं। सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीड़ित छात्र की काउंसलिंग भी करवाई जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।