अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, ‘सदैव अटल’ पहुंचकर किया नमन…

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर देश ने उनके योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में यमुना के किनारे स्थित वाजपेयी जी के स्मारक ‘सदैव अटल’ जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता थे।

उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ और उनका निधन 16 अगस्त 2018 को नई दिल्ली में हुआ। उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किया गया और देशसेवा में अटल के योगदान को याद किया गया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं। अद्भुत दूरदर्शिता वाले असाधारण राजनेता, जिन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। वाजपेयी के शब्द और प्रयास पीढ़ियों को प्रेरित करते रहे हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता ने देश को मजबूत किया। जिस तरह वाजपेयी जी ने सुशासन, जन कल्याण पर जोर दिया वह हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।

गृहमंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, पूर्व प्रधानमंत्री व भाजपा के संस्थापक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करता हूं। अटल जी ऐसे देशभक्त राजनेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का एक-एक क्षण देशसेवा को समर्पित कर दिया।

आगे कहा कि एक ओर उन्होंने परमाणु परीक्षण व कारगिल युद्ध में पूरी दुनिया को भारत की शक्ति से परिचित करवाया, वहीं दूसरी ओर उनकी मूल्य-आधारित राजनीति ने पहली बार अन्त्योदय व सुशासन की कल्पना को जमीन पर उतारा। अटल जी का विराट व्यक्तित्व व नेतृत्व भाजपा के हर कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

रक्षामंत्री राजनाथ ने कहा कि भारत की प्रगति में अटलजी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनका व्यक्तित्व, आदर्श और राष्ट्र की सेवा के प्रति अडिग प्रतिबद्धता हमेशा हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक और सामाजिक विकास में नई ऊंचाइयों को छुआ।

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने कहा, महान राजनेता और सच्चे दूरदर्शी, अटल जी का जीवन राष्ट्र सेवा, ईमानदारी और सुशासन के लिए समर्पित था। उनके आदर्श हमेशा राष्ट्र-निर्माण की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *