दिल्ली पर हमले की साजिश नाकाम, पेट्रोल बम और हथियारों के साथ पहुंचे सात संदिग्ध हमले से पहले गिरफ्तार…

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट व पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी माड्यूल के सात और आतंकियों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार शाम धर दबोचा। उन्हें दिल्ली, अमृतसर और बिहार से गिरफ्तार किया गया है। ये आतंकी सोमवार सुबह राजधानी के बड़े थानों और कुछ प्रतिष्ठानों पर हमले करने वाले थे।

किस ग्रुप से जुड़े थे पकड़े गए आतंकी?

पकड़े गए आतंकी शहजाद भट्टी के दो अलग ग्रुप से जुड़े थे। एक ग्रुप आतंकी हमलों को अंजाम देने और युवाओं को आतंकी समूह से जोड़ने का काम करता था, जबकि दूसरा ग्रुप हथियार तस्करी कर पैसे जुटाता था। मुजफ्फरनगर के खतौली का रहने वाला दानिश उर्फ चांद मियां, सलमान और बिहार के मुंगेर निवासी मो. सद्दाम पहले ग्रुप से जुड़े थे, जबकि शाहीन बाग का तैयब, मोदीनगर का जुबैर खान, मेरठ का अली फजल, अमृतसर का मलकीत सिंह हथियार तस्करी वाले ग्रुप से जुड़े थे।

पाकिस्तानी आका के निर्देश पर दोनों गुटों के पांच आतंकी रविवार शाम पेट्रोल बम व आधुनिक हथियारों के साथ दो कारों व एक बाइक से दिल्ली पहुंचे थे। दानिश और सलमान को सोमवार तड़के दिल्ली के थानों और कुछ महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर पेट्रोल बम से हमला करना था।

छह महीने में शहजाद भट्टी माड्यूल के 60 आतंकी गिरफ्तार

इससे पहले ही सेल ने उन्हें साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पिछले छह माह में स्पेशल सेल शहजाद भट्टी माड्यूल के 60 आतंकियों को दबोच चुकी है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व वाली टीम ने इन आतंकियों को गिरफ्तार किया है।

पहले ग्रुप को आईएसआई हैंडलर राणा हुनैन चला रहा था, जो शहजाद का सहयोगी है। इस ग्रुप को पेट्रोल बम से हमला करने का काम सौंपा गया था। रविवार रात इस ग्रुप के दो गुर्गों को राजघाट के पास विजय घाट से दबोचा गया और तीन पेट्रोल बम, दो हजार रुपये बरामद किए गए, जबकि एक को बिहार से धरा गया।

दूसरे ग्रुप को आईएसआई हैंडलर हसन गुज्जर चला रहा था। वह भी शहजाद का मददगार है। यह ग्रुप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भेजे गए तुर्किये व अन्य देशों के हथियार प्राप्त कर उसे बेचकर पैसे जुटा रहा था। हैंडलर्स ने भारत में आतंकी और आपराधिक गतिविधियों में इस धन का इस्तेमाल करने के लिए कहा था।

ग्रुप के तीन आतंकियों को कालिंदी कुंज से गिरफ्तार किया गया और तीन पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए गए। उनसे पूछताछ के आधार पर चौथे आतंकी को भी अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया गया। इन छह आतंकियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *