अमेरिका में पिकअप ट्रक ने डिवाइडर तोड़कर कार को मारी टक्कर, हादसे में भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत…

अमेरिका के ओहियो में भीषण सड़क हादसे में आंध्र प्रदेश के 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई है। दिलीप कुमार बुंगातवुला अपनी कार से कहीं जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।

आंध्र प्रदेश के कडपा जिले के जेट्टीवारिपल्ली गांव के मूल निवासी बुंगातवुला उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए अमेरिका गए थे, जहां उन्होंने 2025 में केंट स्टेट यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री पूरी की थी।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना ओहियो के मैसेडोनिया इलाके में इंटरस्टेट 480 पर हुई। बुंगातवुला सेडान कार में जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप ट्रक ने सेंटर डिवाइडर पार उनके वाहन से टकरा गया।

जब इमरजेंसी सर्विस घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक बुंगातवुला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच अभी जारी है।

भारतीय दूतावास ने की मौत की पुष्टि

न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है, उन्होंने कहा है कि भारत में उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

दूतावास ने एक्स पोस्ट में कहा कि हमें 7 अगस्त, 2026 को ओहियो में एक कार दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक, दिलीप कुमार बुंगातवुला के असामयिक निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वाणिज्य दूतावास परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

रिवार की मदद के लिए फंडरेज कर रही है अमेरिका तेलुगु सोसाइटी

इस बीच, नॉर्थ अमेरिका तेलुगु सोसाइटी ने बुंगातवुला के परिवार की मदद के लिए एक फंडरेजर शुरू किया है। सोसाइटी ने बताया कि भारत में दिलीप के माता-पिता और उनके भाई के लिए यह अचानक हुआ नुकसान अकल्पनीय है।

उनके पिता, श्रीहरि बुंगातवुला, एक किसान हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य है। उनके माता-पिता ने अपने बेटे की शिक्षा के लिए कई बड़े बलिदान दिए थे, इस उम्मीद में कि वह अपनी पढ़ाई पूरी करेगा और एक सफल भविष्य बनाएगा।

बुंगातवुला के परिवार के अनुसार, उन्होंने हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी की थी और अमेरिका में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करना शुरू किया था। परिवार अब उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत वापस लाने की व्यवस्था कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *