मेरठ साउथ स्टेशन पर बिना रुके लौटी Namo Bharat, ट्रेन में सवार यात्री घबराए…

नमो भारत ट्रेन के टर्मिनेशन उद्घोषणा प्रणाली में गड़बड़ी के कारण गुरुवार देर शाम ट्रेन में सवार यात्री सहम गए। ट्रेन 60 से अधिक यात्रियों को मेरठ साउथ स्टेशन पर उतारे बिना ही वापस लौट गई।

इससे यात्री सहम गए। हालांकि कुछ समय बाद ही ट्रेन मोदीनगर नार्थ स्टेशन पर रुकी। यहां से यात्री दूसरी नमो भारत से वापस मेरठ आए। कई यात्रियों का 45 मिनट में तय होने वाला सफर सवा दो घंटे में पूरा हुआ।

 एक यात्री ने इस संबंध में एनसीआरटीसी के टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। प्रत्यक्षदर्शी पल्लवपुरम निवासी एडवोकेट दीपक अग्रवाल ने बताया कि सराय काले खां स्टेशन से नमो भारत ट्रेन यात्रियों को लेकर दुंहाई स्टेशन पर आई। यहां से वह शाम 7.13 बजे इस ट्रेन में बैठे।

मेरठ साउथ स्टेशन पर ट्रेन में अगला स्टेशन शताब्दी नगर प्रदर्शित हुआ। ट्रेन कुछ क्षण के लिए मेरठ साउथ स्टेशन पर रुकी। गेट भी खुले, लेकिन स्क्रीन पर अगला स्टेशन शताब्दी नगर प्रदर्शित होने के कारण यात्री ट्रेन का गेट खुलने के बाद भी इस स्टेशन पर नहीं उतरे।

न ही इस बाबत कोई उद्घोषणा की गई कि ट्रेन यहां से वापस जा रही है। बताया कि एक मिनट बाद ही ट्रेन 160 की गति से वापस लौट गई।

इस स्थिति में उनके साथ-साथ ट्रेन में बैठे 60 से अधिक यात्री परेशान हो गए। किसी को यह समझ नहीं आया कि यह क्या हुआ। बाद में यह ट्रेन शाम 7.39 बजे मोदीनगर नार्थ स्टेशन पर रुकी। वह ट्रेन से उतरकर पूछताछ कक्ष पर गए, लेकिन आरोप है कि वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

बाद में उन्होंने एनसीआरटीसी के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। दीपक के अनुसार एनसीआरटीसी द्वारा उन्हें शिकायत नंबर 104563 बताया गया। इसके बाद वह मोदीनगर नार्थ स्टेशन से दूसरी नमो भारत ट्रेन पकड़कर मोदीपुरम स्टेशन पहुंचे। बताया कि रोजाना वह दुहाई स्टेशन से मोदीपुरम स्टेशन 45 मिनट में आ जाते थे, लेकिन गुरुवार को करीब सवा दो घंटे का समय लगा। 

दावा किया कि बेगमपुल स्टेशन पर भी आए दिन अनाउंसमेंट सिस्टम में गड़बड़ी रहती है। अनाउंसमेंट मेट्रो का होता है और नमो भारत आ जाती है।

इस संबंध में एनसीआरटीसी की ओर से बताया गया कि यह अतिरिक्त ट्रेन है जो पीक आवर्स में सराय काले खां से मेरठ साउथ तक आती है। यहां से यात्रियों को उतारकर वापस जाती है। हालांकि, इस स्थिति में यात्रियों को सूचित किया जाना चाहिए था कि यह ट्रेन आगे नहीं जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *