सावन माह के तृतीय सोमवार एवं पावन नागपंचमी के अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने दुर्ग स्थित प्रसिद्ध सतरूपा शीतला मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर में आयोजित द्वादश ज्योतिर्लिंग महारुद्राभिषेक एवं कालसर्प दोष निवारण पूजा में विधायक ललित चंद्राकर शामिल हुए। उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात विधायक ललित चंद्राकर ने कहा, “सावन का महीना भगवान भोलेनाथ को अत्यंत प्रिय है। नागपंचमी के पावन अवसर पर द्वादश ज्योतिर्लिंग महारुद्राभिषेक एवं कालसर्प दोष निवारण पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। मेरी प्रार्थना है कि महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे और छत्तीसगढ़ के प्रत्येक घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार भी इसी भावना के साथ छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और उन्नति के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की।
इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने विधायक के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और “हर-हर महादेव” के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के संयोग पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।