जिले में लगातार गुलदार (Leopard) देखे जाने के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन इसी बीच चांदपुर के बबनपुरा चौकी क्षेत्र में बाघ (Tiger) के देखे जाने का मामला सामने आया। उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो वन और पुलिस विभाग के अधिकारियों के होश उड़ गए। लोगों में भी दहशत फैल गई।
जांच की गई तो फोटो एआई द्वारा तैयार किए हुए मिले। बताया जा रहा है कि यह फोटो किसी 13 वर्षीय किशोर ने बनाया था। जिसमें बाघ गांव भिड़ीयाखेड़ा के रास्ते पर झाड़ियों के पीछे नजर आ रहा है। हालांकि, बाद में इस फोटो को सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया। वन अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में बाघ नहीं है।
गुलदार की आहट होते ही बच्चों को क्लास के अंदर किया
उधर हल्दौर क्षेत्र के गांव फतेहपुर असल में प्राइमरी स्कूल के पास गुलदार आ गया। गुलदार की आहट होते ही बच्चों को क्लास के अंदर कर दिया गया और दरवाजा भी बंद कर दिया। शिक्षकों ने इसकी सूचना एबीएसए को दी। एबीएसए ने वन विभाग के रेंजर को जानकारी दी। उधर, सूचना पर ग्रामीण भी स्कूल पहुंचे और लाठी-डंडे लेकर स्कूल को चारों तरफ से घेर लिया। बाद में रेंजर भी मौके पर पहुंचे।
गुरुवार की सुबह गांव स्थित प्राइमरी स्कूल के पास गुलदार देखे जाने से स्कूली आए बच्चाें और शिक्षक दहशत में आ गए। स्कूल में शिक्षक मंगत कुमार और रीता ने बच्चों को क्लास रूम के अंदर बैठाया और घटना की सूचना एबीएसए को दी।
एबीएसए ने वन विभाग के रेंजर महेश गौतम को सूचना दी। उधर, घटना की सूचना पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े और स्कूल को चारों तरफ से घेर लिया। बाद में रेंजर महेश गौतम और वन दरोगा योगेंद्र सिंह के साथ टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए।
आसपास के क्षेत्र में गन्ने के खेतों में गुलदार की तलाश कराई गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। रेंजर ने स्कूली बच्चों के साथ बातचीत कर उनका डर दूर करने का प्रयास किया। साथ ही गुलदार से बचने के उपाय बताएं और सावधानियां बरतनी के लिए कहा। गुलदार को शीघ्र पकड़वाने का पिंजरा लगवाने का आश्वासन दिया। ग्राम प्रधान रुपेश त्यागी को भी बुलाकर स्कूल के चारों तरफ सफाई व स्कूल की चाहरदीवारी ऊंची करने के लिए भी कहा गया।