21 जून को होने वाली नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा में एक महीने से भी कम समय बचा है।
पहली परीक्षा में पेपर लीक विवाद के चलते दूध की जली राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) इस बार छाछ भी फूंक कर पीएगी।
सूत्रों ने बताया कि एजेंसी दोबारा होने वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षा को फूलप्रूफ करने की तैयारियों में जुटी है।
सभी संभावित खामियों को दूर करने के लिए एजेंसी “जीरो ट्रस्ट” नजरिये के तहत काम कर रही है।
सोशल मीडिया पर रखी जा रही नजर
कड़ी निगरानी और नियमित आडिट के साथ इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, विवाद के बाद एनटीए ने आंतरिक रूप से सब कुछ नया कर दिया है।
प्रोटोकाल को मजबूत किया है, क्रास-चेकिंग तंत्र को बढ़ाया है और नियमित आडिट किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी जानकारी लीक न हो।
एजेंसी टेलीग्राम सहित इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर कड़ी निगरानी रख रही है, जिसके बारे में जांचकर्ताओं को संदेह है कि पेपर लीक कराने के लिए इसका इस्तेमाल किया गया था।