पैसे इंवेस्ट करने के लिए आप क्या करते हैं? एसआईपी करवाते होंगे या स्टॉक्स में इंवेस्ट करते होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं इंवेस्टमेंट का एक और बहुत ही दिलचस्प तरीका लोग अपना रहे हैं। हम लग्जरी घड़ियों की बात कर रहे हैं।
जी हां, महंगी और लग्जरी घड़ियां अब सिर्फ फैशन स्टेटमेंट या स्टेटस सिंबल नहीं रह गई हैं। इन्हें दुनियाभर में इंवेस्टमेंट के रूप में देखा जा रहा है और इस पर काफी अच्छे रिटर्न भी कमा रहे हैं। अगर आप सोच रहे हैं, ऐसा कैसे हो सकते है, तो आइए जानें इस बारे में।
लग्जरी घड़ियां दे रहीं 34% रिटर्न
इस साल की एक रिपोर्ट में लग्जरी घड़ियों से जुड़ा एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। लग्जरी घड़ियों ने औसतन 34% का शानदार रिटर्न दिया है। मुनाफा कमाने के मामले में इन घड़ियों ने पारंपरिक इंवेस्टमेंट के विकल्पों को काफी पीछे छोड़ दिया है।
मशहूर नीलामी कंपनी Sotheby’s के मुताबिक, इस साल के शुरुआती 6 महीनों में घड़ियों की वैश्विक नीलामी 10.61 करोड़ डॉलर यानी 1.09 हजार करोड़ रुपए के कड़े तक पहुंच गई है। इन आकड़ों से ही आप अंदाजा लगा सकते हैं कि मार्केट में लग्जरी घड़ियों की कितनी डिमांड है।
युवाओं में बढ़ रहा है घड़ियों का क्रेज
सबसे दिलचस्प बात है कि इन महंगी घड़ियों को खरीदने में युवाओं की दिलचस्पी काफी बढ़ गई है। आंकड़ों के मुताबिक, लग्जरी घड़ी खरीदने वाले ग्राहकों में 40% लोग ऐसे हैं, जिनकी उम्र 40 साल या उससे कम है। साथ ही, बाजार में उन घड़ियों की डिमांड ज्यादा है, जो बहुत ही रेयर हैं या जिनका लिमिटेड एडिशन पेश किया जा जा रहा
है। इन लग्जरी घड़ियों को अपने कलेक्शन में शामिल करने के लिए लोग करोड़ों रुपए खर्च कर रहे हैं। साथ ही, इस नीलामी में 60 अलग-अलग देशों के 1800 से ज्यादा कलेक्टर्स ने हिस्सा लिया।
करोड़ों में बिक रही हैं ये घड़ियां
इस साल अप्रैल में हांगकांग में एक नीलामी हुई, जिसमें 1987 की बनी कार्टियर लंदर क्रैश घड़ी करीब 19 लाख डॉलर यानी लगभग 18 करोड़ रुपए में बिकी। वहीं पाटेक फिलिप ब्रांड की घड़ियों को सबसे ज्यादा रीसेल वैल्यू बनाए रखने के लिए जाना जाता है और रोलेक्स की कॉस्मोग्राफ डेटोना घड़ी ने पिछले पांच सालों में निवेशकों को 150% तक रिटर्न दिया है।