मणिमाला:
हार्ड वॉटर आपके पाइपलाइन से लेकर बालों व स्किन के लिए भी बेहद नुकसानदायक होता है। दरअसल, हार्ड वॉटर में कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स के अलावा एलुमिनियम और आयरन मौजूद हो सकता है।
इस तरह के पानी के संपर्क में आने वाली हर चीज पर एक परत चढ़ जाती है। इस आर्टिकल में हम जानेंगे कि हार्ड वॉटर के निशान कैसे नजर आते हैं और इससे किस तर बचा जा सकता है।
इन संकेतों से हो सकती है पहचान
- नलों पर हो जाता है डिपॉजिट: आपके पाइप, नल और शावर हेड पर हार्ड वॉटर की परत चढ़ जाती है। यह सफेद, चॉक जैसा नजर आता और शावर हेड चोक होने लगते हैं।
- दाग जाता नहीं: टॉयलेट पॉट या फिर पानी के टब में सफेद डिपॉजिट गोलाकार रूप में जमने लगता है।
- बरतन दिखते हैं धब्बेदार: बरतनों को अच्छी तरह धोने के बाद भी सूखने पर उन पर सफेद निशान नजर आते हैं।
- अप्लांयसेस हो जाते हैं जल्दी खराब: वॉटर हीटर, डिशवॉशर या वॉशिंग मशीन जैसे अप्लायंसेस की परफॉर्मेंस मिनरल डिपॉजिट होने से कम हो जाती है। इन्हें बार-बार रिपेयर करवाने की जरूरत पड़ती है।
- कपड़ों में कड़कपन: हार्ड वॉटर में धुले कपड़े सूखने के बाद कड़क और रफ महसूस होते हैं। कपड़ों से दाग-धब्बे हटाना मुश्किल हो जाता है और वो जल्दी पुराने लगने लगते हैं।
- स्किन और बाल हो जाते हैं डैमेज: चेहरे को अच्छी तरह साफ और स्क्रब करने के बाद भी उस पर एक परत महसूस तो यह हार्ड वॉटर की वजह से भी हो सकता है। ऐसे पानी से बाल रूखे और बेजान नजर आते हैं और स्किन रूखी हो जाती है।
इस तरह बचें हार्ड वॉटर की परेशानियों से
- नल या शावर में लगाएं फिल्टर
हार्ड वॉटर की वजह से स्किन और बालों में हो रही समस्या को दूर करने के लिए आप चाहें तो बाथरूम के नलों या शावर हेड में फिल्टर लगवा सकते हैं। इससे काफी हद तक पानी में आने वाले मिनरल्स कम हो जाते हैं।
- वॉटर सॉफ्टनिंग सिस्टम
यदि आपके वॉटर पाइप या कपड़े हार्ड वॉटर की वजह से खराब हो रहे हैं तो पूरे घर के लिए वॉटर सॉफ्टनिंग सिस्टम एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
- हार्ड वॉटर वाले प्रोडक्ट
कुछ क्लीनिंग प्रोडक्ट खासतौर से हार्ड वॉटर में बेहतर तरीके से काम करने के लिए बनाए जाते हैं। इस तरह के प्रोडक्ट काफी हद तक आपके कपड़ों, बालों और स्किन को डैमेज होने से बचा सकते हैं।