तमिलनाडु: पहाड़ी मंदिर से गिरकर नवविवाहिता की मौत, बंदरों के झुंड से घबराने की आशंका…

तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में शुक्रवार शाम को 24 साल की नई-नवेली दुल्हन की पहाड़ी की चोटी से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जब वह बंदरों को फल खिला रही थी, तो बंदरों के झुंड ने उसे घेर लिया, जिससे वह घराबकर भागने लगी और नीचे गिर गई।

मृतक महिला की पहचान थूथुकुडी के कोविलपट्टी स्थित साउथ थिट्टनकुलम इलाके की अनीता के तौर पर हुई है। उसने पिछले ही महीने 29 साल के सुरेश से शादी की थी।

सुरेश विदेश में काम करता है और हाल ही में घर लौटा था। यह जोड़ा पूजा-अर्चना के लिए कजुगुमलाई स्थित कलुगासलमूर्ति मंदिर गया था और पहाड़ी पर स्थित उचिप्पिल्लियार मंदिर की चोटी पर मौजूद था।

पहाड़ी की चोटी पर बने मंदिर में पूजा करने गया था कपल

मुख्य मंदिर में पूजा करने के बाद कपल पहाड़ी की चोटी पर बने उचिप्पिल्लैयार मंदिर गया। पुलिस ने बताया कि जब वे बंदरों को फल खिला रहे थे, तभी अचानक कई बंदर उनके चारों ओर जमा हो गए।

एनडीटीवी के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि लगता है कि बंदरों की वजह से वह घबरा गई थी। हम मामले की जांच कर रहे हैं।

शुरुआती जांच के मुताबिक, घबराहट में अनीता का संतुलन बिगड़ गया और वह पहाड़ी की चोटी से नीचे गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसका पति यह सब देखकर बुरी तरह टूट गया। तस्वीरों में पति को अपनी पत्नी के शव के पास फूट-फूटकर रोते हुए देखा गया।

कज़ुगुमलाई की फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम और पुलिस ने शव को बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस जानलेवा हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *