अमेरिका के बदनाम फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन को लेकर एक नया खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, उसने मिडिल ईस्ट के कई प्रभावशाली लोगों से संबंध बनाए और इस्लामी कला व वास्तुकला में खास दिलचस्पी दिखाई।
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में बताया गया है कि एपस्टीन ने अपने निजी कैरेबियाई द्वीप पर एक खास इमारत के लिए दुर्लभ इस्लामी कलाकृतियां जुटाईं। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने इस्लामी कला और वास्तुकला से प्रेरित एक अनोखा प्रोजेक्ट तैयार किया था।
काबा से जुड़ी वस्तुएं भी शामिल
दस्तावेजों के अनुसार, एपस्टीन ने कई महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक वस्तुएं हासिल की थीं। इनमें काबा से जुड़े कपड़े के हिस्से (किस्वा) भी शामिल थे, जिस पर कुरान की आयतें कढ़ाई की गई थीं।
इसके अलावा उसने उज्बेकिस्तान की एक मस्जिद से टाइल्स और प्राचीन सीरिया की वास्तुकला से प्रेरित एक सुनहरा गुंबद भी बनवाया था। किस्वा हर साल बदली जाती है और इसके कुछ हिस्से बाद में खास लोगों या संस्थानों को दिए जाते हैं।
निजी द्वीप पर ‘मस्जिद’ जैसा ढांचा
इन सभी वस्तुओं का इस्तेमाल एपस्टीन के निजी द्वीप लिटिल सेंट जेम्स पर बनी एक खास इमारत में किया गया था। इस इमारत को अलग-अलग लोग म्यूजिक रूम, पवेलियन या चैपल भी कहते थे, लेकिन एपस्टीन खुद इसे ‘मस्जिद’ कहता था।
हालांकि, यह इमारत पूजा के लिए नहीं थी, बल्कि एक आर्ट और आर्किटेक्चर प्रोजेक्ट के रूप में बनाई गई थी। इस प्रोजेक्ट से जुड़े एक कलाकार ने भी बताया कि एपस्टीन अक्सर इस ढांचे को अपनी ‘मस्जिद’ कहकर संबोधित करता था।
कैसी है डिजाइन?
दस्तावेजों में यह भी सामने आया है कि एपस्टीन इस्लामी डिजाइन में गहरी रुचि रखता था और उसने अपने सहयोगियों को पारंपरिक इस्लामी पैटर्न अपनाने के निर्देश दिए थे। उसने यह भी सुझाव दिया था कि अरबी धार्मिक लेखन की जगह उसके नाम के अक्षर इस्तेमाल किए जाएं। इसके अलावा उसने सऊदी अरब से जुड़े लोगों से संपर्क बनाए और वहां के आर्थिक प्रोजेक्ट्स में सलाहकार बनने की कोशिश की।
2017 में आए हरिकेन मारिया से उसके द्वीप को नुकसान पहुंचा, जिससे इस ‘मस्जिद’ जैसी इमारत भी प्रभावित हुई। इसी दौरान उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्क भी कमजोर पड़ने लगे। बाद में 2019 में उसे सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसने अपने द्वीप को एक निजी ट्रस्ट के नाम कर दिया और अगस्त 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई।