बिहार में सरकारी अस्पताल की बड़ी लापरवाही: महिला ने सीढ़ियों पर बच्ची को दिया जन्म, आधे घंटे बाद हरकत में आया प्रशासन…

अनुमंडल के बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक बड़ी लापरवाही की तस्वीर सामने आई है। यहां उमानाथ इलाके की रहने वाली एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लाया गया था, लेकिन व्यवस्था की बदहाली के कारण महिला ने अस्पताल की सीढ़ियों पर ही एक नवजात बच्ची को जन्म दे दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमानाथ निवासी गर्भवती महिला को घर पर अचानक तेज लेबर पेन (प्रसव पीड़ा) शुरू हुआ, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में ऑटो से लेकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे।

बताया जा रहा है कि ऑटो चालक ने महिला को अस्पताल के मुख्य गेट पर ही उतार दिया। वहां से स्ट्रेचर या व्हीलचेयर की कोई सुविधा न मिल पाने के कारण, दर्द से कराहती महिला पैदल ही किसी तरह अस्पताल की सीढ़ियों तक पहुंची।

सीढ़ियों पर चढ़ते समय पीड़ा इतनी तेज हो गई कि महिला आगे नहीं बढ़ सकी और उसने वहीं सीढ़ियों पर ही एक नवजात बच्ची को जन्म दे दिया।

हैरानी और घोर लापरवाही की बात यह रही कि इस पूरी घटना के दौरान अस्पताल का कोई भी कर्मचारी तुरंत मदद के लिए आगे नहीं आया। बच्ची के जन्म के करीब आधे घंटे बाद अस्पताल प्रशासन की नींद टूटी और स्वास्थ्यकर्मी हरकत में आए।

इसके बाद प्रसूता और नवजात बच्ची को अस्पताल के अंदर ले जाकर वार्ड में भर्ती किया गया। फिलहाल राहत की बात यह है कि मां और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह से सुरक्षित और स्वस्थ हैं। हालांकि, इस अमानवीय घटना ने अनुमंडलीय अस्पताल की कुव्यवस्था और मरीजों के प्रति बरती जा रही लापरवाही पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *