कार्यस्थल पर यौन और मानसिक उत्पीड़न एक गंभीर समस्या है, लेकिन इस बार मामला उल्टा सामने आया है।
अमेरिका की प्रमुख बैंकिंग कंपनी जेपी मॉर्गन चेस की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी पर अपने जूनियर पुरुष कर्मचारी के साथ यौन शोषण और पॉवर के दुरुपयोग का आरोप लगा है।
यह मामला न्यूयॉर्क काउंटी सुप्रीम कोर्ट में दर्ज हुआ है, जिसने कॉर्पोरेट जगत में हलचल मचा दी है।
यह शिकायत 27 अप्रैल को न्यूयॉर्क काउंटी सुप्रीम कोर्ट में जॉन डो नाम से दर्ज कराई गई है, जिसमें पीड़ित ने अपनी पहचान छिपाई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोर्ना हजदिनी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक एशियाई मूल के जूनियर कर्मचारी का यौन और मानसिक शोषण किया।
पीड़ित के अनुसार, यह घटनाएं 2024 की वसंत ऋतु में शुरू हुईं, जब दोनों साथ काम करने लगे। शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में अनुचित शारीरिक स्पर्श और अश्लील टिप्पणियों से मामला शुरू हुआ, जो बाद में गंभीर यौन उत्पीड़न में बदल गया।
कौन हैं लोर्ना हजदिनी?
लोर्ना हजदिनी जेपी मॉर्गन की एग्जीक्यूटिव हैं, जिन पर एक पुरुष का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने स्टर्न बिजनेस स्कूल से ग्रेजुएशन किया और 2011 में जेपी मॉर्गन जॉइन किया।
यूनिवर्सिटी पेज के अनुसार, हजदिनी ने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल एग्जीक्यूटिव एजुकेशन के प्राइवेट इक्विटी और वेंचर कैपिटल प्रोग्राम में भी हिस्सा लिया था। उन्होंने जेपी मॉर्गन में एनालिस्ट के तौर पर करियर शुरू किया और 2018 तक लीवरेज्ड फाइनेंस में वाइस प्रेसिडेंट के पद तक पहुंच गईं।
2021 में हजदिनी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनीं और फिलहाल इसी पद पर कार्यरत हैं। उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल से यह भी पता चलता है कि उन्हें वाइन की अच्छी समझ है। उनके पास वाइन एंड स्पिरिट एजुकेशन ट्रस्ट से वाइन में लेवल 2 का अवॉर्ड भी है।
करियर बर्बाद करने की धमकी
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि एक बार आरोपी अधिकारी ने उसके साथ अनुचित तरीके से छूने के बाद अश्लील टिप्पणी की। इसके बाद लगातार उसे संबंध बनाने के लिए दबाव डाला गया। जब उसने इनकार किया, तो उसे करियर बर्बाद करने की धमकी दी गई। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने कहा कि अगर तुमने जल्द ही मेरे साथ संबंध नहीं बनाए, तो मैं तुम्हें बर्बाद कर दूंगी।
नशीला पदार्थ देकर जबरन यौन संबंध का आरोप
सबसे गंभीर आरोपों में यह भी शामिल है कि आरोपी ने पीड़ित को कई बार नशीला पदार्थ देकर उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, एक घटना में जब पीड़ित रोने लगा, तो आरोपी ने उसे अपमानित किया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसके घर बिना बुलाए पहुंच गई और वहां भी अश्लील हरकतें कीं। इतना ही नहीं, उसने पीड़ित की पत्नी के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी भी की।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने पीड़ित को ब्राउन बॉय कहकर संबोधित किया और उसके करियर को खत्म करने की धमकी दी।
नौकरी छोड़ने की कोशिश और करियर पर असर
पीड़ित के अनुसार, 2024 के अंत में उसने नौकरी छोड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी और अन्य लोगों ने उसके नए अवसरों को भी प्रभावित किया। उसके वकील का कहना है कि पीड़ित को पोस्ट-ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) हो गया है और वह आर्थिक रूप से भी संघर्ष कर रहा है।
पीड़ित ने जेपी मॉर्गन चेस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि कंपनी ने उसकी शिकायत को नजरअंदाज किया और उल्टा उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। उसने दावा किया कि उसे धमकी भरे फोन कॉल आए, जिनमें उसे डराने की कोशिश की गई। यहां तक कि उसे इमिग्रेशन एजेंसियों से जुड़े खतरे भी बताए गए।
इस पूरे मामले पर जेपी मॉर्गन चेस ने कहा है कि उन्होंने शिकायत की जांच की थी, लेकिन उन्हें कोई ठोस सबूत नहीं मिला। कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, हमें इन आरोपों में कोई दम नजर नहीं आता। हालांकि, न्यूयॉर्क में दर्ज मुकदमे पर कंपनी ने अब तक कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं की है।