मुंगेली : सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें: जिला पंचायत सीईओ…

लापरवाही पर होगी सख्त कार्यवाही, शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और हितग्राहियों से संवाद के निर्देश

नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने आज मनियारी सभाकक्ष में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में विभागवार लंबित एवं निराकृत प्रकरणों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही से जुड़ी होती है। इसलिए सभी विभाग शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।

केवल औपचारिक जवाब देने के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी विभाग शिकायतों का गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निराकरण करें, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

    सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग करें तथा निराकरण की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्या की जानकारी लेने और समाधान के संबंध में फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए सीईओ ने संबंधित इंजीनियर को कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की कोताही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *