MP News: मैहर के सरकारी स्कूल में शर्मनाक घटना, गणतंत्र दिवस पर बच्चों को फटे पन्नों में परोसा मिड‑डे मील…

बीते दिन जहां पूरा देश गणतंत्र दिवस के जश्न में सराबोर था, वहीं मैहर के एक स्कूल में बच्चों को रद्दी कागज पर खाना परोसा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

मिड डे मील के दौरान स्कूल के बच्चों को थाली तक नसीब नहीं हुई और उन्हें रद्दी कागज पर रखा खाना खाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

ये घटना मध्य प्रदेश के मैहर स्थित सरकारी स्कूल की है, जहां किताबों के फटे पन्नों पर बच्चों को हलवा पूरी परोसी गई। कागजों पर मौजूद स्याही के निशान और गंदे दाग साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है।

कागज पर परोसा मिड डे मील का खाना

दरअसल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का जश्न मनाने के बाद स्कूल के सभी बच्चों को मिड डे मील का खाना परोसा गया। इस दौरान सभी बच्चों को जमीन पर बिठाकर उनके सामने थाली की बजाए रद्दी कागज रख दिए गए, जिसमें उन्हें पूरी और हलवा परोसा गया।

मामले की जांच के आदेश

स्कूल प्रबंधन की लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है। इसे देखने के बाद अभिभावकों का भी गुस्सा फूट पड़ा है।

जिला परियोजना समन्वयक (डीसीपी) विष्णु त्रिपाठी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

सरकारी फंड से आता है मिड डे मील का पैसा

बता दें कि सरकारी स्कूलों में मिड डे मील का खर्च सरकारी फंड से जारी होता है। हालांकि, थाली-पत्तल समेत बुनियादी जरूरतों का ख्याल स्कूलों को रखना होता है। ऐसे में स्कूल की लापरवाही ने सरकारी योजना पर भी सवाल खड़े दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *