300 से ज्यादा सैन्य ड्रोन और ईरानी कनेक्शन… क्या अमेरिका पर हमले की तैयारी में जुटा है क्यूबा?…

क्यूबा देश को लेकर एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। दरअसल, Axios की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन क्यूबा को एक संभावित खतरा मान रहा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि खुफिया जानकारी से पता चला है कि हवाना ने 300 से ज्यादा मिलिट्री ड्रोन हासिल कर लिए हैं और अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन से हमला करने की तैयारी में है।

इस रिपोर्ट में खुफिया जानकारी और अमेरिका के सीनियर अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि क्यूबा के अधिकारियों ने हाल ही में ऐसी योजनाओं पर चर्चा की है, जिनमें तनाव बढ़ने पर ग्वांतानामो बे नेवल बेस पर मौजूद अमेरिकी नौसेना के अड्डे, अमेरिकी मिलिट्री जहाजों और यहां तक कि फ्लोरिडा के की वेस्ट पर भी हमले किए जा सकते हैं।

हमले को लेकर वॉशिंगटन चिंतित

वहीं, वॉशिंगटन इस बात को लेकर चिंतित है कि इस तरह की टेक्नोलॉजी अमेरिका के इतने करीब मौजूद हैं। खासकर तब जब हवाना में कथित तौर पर ईरानी मिलिट्री सलाहकार मौजूद हैं और क्यूबा के रूस और ईरान के साथ रक्षा संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।

एक अधिकारी ने कहा, “जब हम इस तरह की टेक्नोलॉजी के इतने करीब होने के बारे में सोचते हैं, और साथ ही आतंकी संगठनों से लेकर ड्रग कार्टेल, ईरानियों और रूसियों जैसे कई बुरे तत्वों के बारे में सोचते हैं, तो यह चिंता का विषय बन जाता है। इसके साथ ही यह एक बढ़ता हुआ खतरा है।”

बढ़ते दबाव के बीच CIA प्रमुख का क्यूबा दौरा

इसके साथ ही CIA के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ गुरुवार को क्यूबा के दौरे पर गए और वहां के अधिकारियों को किसी भी तरह की शत्रुतापूर्ण गतिविधियों में शामिल न होने की चेतावनी दी। उन्होंने हवाना से यह भी आग्रह किया कि वह अमेरिका द्वारा लगाए गए कड़े प्रतिबंधों को खत्म करवाने के लिए अपनी तानाशाही सरकार को छोड़ दे।

क्यूबा ने आरोपों को किया खारिज

हालांकि, क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज परिला ने अमेरिका पर प्रतिबंधों और संभावित सैन्य हस्तक्षेप को सही ठहराने के लिए एक मनगढ़ंत मामला तैयार करने का आरोप लगाया। रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “क्यूबा न तो किसी को धमकाता है और न ही युद्ध चाहता है।”

उन्होंने आगे कहा कि देश संयुक्त राष्ट्र चार्टर द्वारा मान्यता प्राप्त अपने वैध आत्मरक्षा के अधिकार के तहत बाहरी आक्रमण का सामना करने के लिए खुद को तैयार रखता है। क्यूबा के दूतावास ने भी ‘X’पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि इस द्वीप राष्ट्र को बाहरी आक्रमण के खिलाफ अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *