प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित होटल में भीषण आग, आसमान छूती लपटों के बीच जान बचाकर भागे लोग…

शहर के सिविल लाइंस स्थित होटल विक्टल में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इससे यहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी मदद की आवाज लगाते हुए बाहर भागे। खबर पाकर फायर कर्मी मौके पर पहुंचे। चार फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।

विक्टल होटल के दूसरे तल के एक कमरे में लगी आग

सिविल लाइंस के महात्मा गांधी मार्ग स्थित विक्टल होटल के दूसरे तल के एक कमरे से सोमवार दोपहर धुआं उठा। होटल के कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले आग की लपटें उठने लगी। यह देखकर सभी घबरा गए। मदद की आवाज लगाते हुए बाहर भागे। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में फायर कर्मी मौके पर पहुंचे।

कैसे लगी आग, अभी स्पष्ट नहीं

अग्निशमन अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि होटल में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग किन कारणों से लगी, अभी यह स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *