भारतीय शेयर बाजारों (Stock Market Today) में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से तेजी का सिलसिला जारी है। सोमवार को बाजार ने शानदार लेट-रिकवरी करते हुए बढ़त के साथ क्लोजिंग दी थी।
लेकिन क्या मंगलवार को भी दलाल स्ट्रीट पर यही रौनक बनी रहेगी? आइए जानते हैं बाजार के अहम ट्रिगर्स और किन शेयरों में आज हलचल देखने को मिल सकती है।
क्या 23,000 के पार निकलेगा निफ्टी या होगी मुनाफावसूली?
मार्केट एनालिस्ट्स का मानना है कि अगर बाजार सोमवार के हाई यानी 23,000 के स्तर को पार करता (Stock Market Today Prediction) है, तो आने वाले दिनों में निफ्टी 23,450 के स्तर तक जा सकता है। लेकिन अगर बाजार पिछले हफ्ते के हाई को नहीं तोड़ पाता है, तो 22,200 से 23,000 की रेंज में ही कंसोलिडेशन देखने को मिल सकता है।
हालांकि, आज शुरुआत थोड़ी सुस्त हो सकती है। गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty Today) 79 अंक (0.34%) गिरकर 22,922 पर कारोबार कर रहा है, जो दलाल स्ट्रीट पर निगेटिव शुरुआत का इशारा कर रहा है। इस बीच राहत की बात यह है कि बाजार में डर का पैमाना ‘इंडिया VIX’ 0.2% गिरकर 25.47 के स्तर पर आ गया है।
क्या ग्लोबल मार्केट्स से मिल रहा है तेजी का सपोर्ट?
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते की उम्मीदों के बीच अमेरिकी बाजार सोमवार को हरे निशान में बंद हुए। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की तरफ से हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz News) को लेकर दी गई धमकियों पर भी निवेशकों की पैनी नजर है। अमेरिकी बाजारों में डाओ 0.36%, S&P 500 0.45% और नैस्डैक 0.54% चढ़कर बंद हुए।
एशियाई बाजारों में भी रौनक है। दक्षिण कोरियाई बाजार की बढ़त के दम पर MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स 0.7% चढ़ा है। सैमसंग के मुनाफे में 8 गुना उछाल से टेक शेयरों (जिन पर मिडिल ईस्ट के तनाव का असर कम माना जाता है) में अच्छी खरीदारी दिखी। वहीं, कच्चे तेल (Crude Oil Price) की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है, जिसका मुख्य कारण ट्रंप की सख्त बयानबाजी और हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव है।
ट्रंप ने ईरान को क्या चेतावनी दी?
व्हाइट हाउस ने सोमवार को चेतावनी दी कि अगर ईरान राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की मंगलवार की डेडलाइन से पहले बातचीत में गंभीरता से शामिल नहीं होता है तो उसे विनाशकारी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा, “अगर ईरान गंभीरता से बातचीत में शामिल नहीं होता है तो कल रात उसे पाषाण युग में वापस भेज दिया जाएगा।”
विदेशी निवेशकों का क्या है मूड और रुपये का क्या हुआ?
विदेशी निवेशकों की तरफ से अभी भी बिकवाली का दबाव है। शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs Data Latest Updates) ने 8,167 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs Latest Updates Today) ने बाजार को सपोर्ट दिया और 8,089 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।
मुद्रा बाजार की बात करें तो, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI Latest News) द्वारा सट्टेबाजी और उतार-चढ़ाव को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के चलते रुपया (Rupee Price Today Vs Dollar) सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे मजबूत होकर 93.04 के स्तर पर बंद हुआ।
आज कमाई के लिए किन शेयरों पर रहेगी बाजार की नजर?
Aurobindo Pharma
कंपनी की सब्सिडियरी, क्यूराटेक बायोलॉजिक्स (CuraTeQ Biologics) को ‘Xolair’ के इन्वेस्टिगेशनल बायोसिमिलर (BP11) के फेज 3 स्टडी में पॉजिटिव नतीजे मिले हैं। यह क्रोनिक स्पॉन्टेनियस अर्टिकेरिया (CSU) के मरीजों के लिए एक बड़ी सफलता है।
ACME Solar Holdings
कंपनी ने अपनी सब्सिडियरीज के जरिए राजस्थान के जैसलमेर और फलोदी/जोधपुर में अपने बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) प्रोजेक्ट्स के पांचवें चरण को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है।
PDS
इस ग्लोबल फैशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म को अमेरिका की एक लीडिंग रिटेल कंपनी से SaaS कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इस डील से लगभग 450 करोड़ रुपये का सोर्सिंग वॉल्यूम जनरेट होने की उम्मीद है।
Titagarh Rail Systems
कंपनी की सब्सिडियरी (Titagarh Naval Systems) को भारत सरकार की ‘शिपबिल्डिंग डेवलपमेंट स्कीम’ के तहत पश्चिम बंगाल के फलता में 610 करोड़ रुपये के ब्राउनफील्ड एक्सपेंशन के लिए शिपिंग मंत्रालय से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
Deep Industries
कंपनी को ONGC के राजमुंदरी एसेट से 3 साल के लिए 59 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है।
Ambuja Cements
अंबुजा सीमेंट्स के साथ विलय की प्रक्रिया पूरी होने के चलते 6 अप्रैल से सांघी इंडस्ट्रीज (Sanghi Industries) के शेयरों में ट्रेडिंग सस्पेंड कर दी गई है।
IRFC
Indian Railway Finance Corp (IRFC) कंपनी ने महाराष्ट्र स्टेट पावर जनरेशन कंपनी को 1,000 करोड़ रुपये का टर्म लोन मंजूर करके डिस्बर्स भी कर दिया है।
“शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें [email protected] पर भेज सकते हैं।”