प्रदेश की राजनीति में संगठनात्मक रणनीति को नए सिरे से धार देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में जिलाध्यक्षों की नई नियुक्तियों की घोषणा कर दी है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पार्टी बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय और चुनावी मोड में लाने की तैयारी में जुटी है। इस सूची में कुल पांच जिलों में नए जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अंबेडकर नगर (अवध क्षेत्र) में दिलीप देव पटेल को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं काशी क्षेत्र के वाराणसी जिले में राम सकल पटेल को जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्षेत्र के चंदौली जिले में काशीनाथ सिंह को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
गोरखपुर क्षेत्र में संगठनात्मक बदलाव के तहत गोरखपुर महानगर की कमान अब रमेश प्रसाद गुप्ता को सौंपी गई है, जबकि देवरिया जिले में काली प्रसाद को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से जिलों में संगठन को नई गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और सक्रियता बढ़ेगी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह बदलाव आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत कर जनसंपर्क को और प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है। जिलाध्यक्षों की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी किया गया है।